![]()
अबोहर की ढाणी चिराग में कल देर रात गेहूं की सैकड़ों नाड़ में अचानक आग लग गई। बिजली के ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी को आग लगने का कारण माना जा रहा है। किसानों और दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के खेतों में आग फैलने से बच गई। जानकारी के अनुसार, ढाणी चिराग के किसानों ने बताया कि कल रात जब वे खेतों में काम कर रहे थे, तभी बिजली विभाग द्वारा लाइट छोड़े जाने पर एक खेत में लगे बिजली ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकली। यह चिंगारी गेहूं की नाड़ पर गिरी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। किसानों ने तुरंत आसपास के अन्य किसानों को मदद के लिए बुलाया और दमकल विभाग को भी सूचना दी। कई किसान अपने ट्रैक्टर लेकर पहुंचे और आग को आगे बढ़ने से रोकने के लिए खेत को जोतना शुरू कर दिया। किसानों ने अपने स्तर पर भी आग बुझाने का प्रयास किया। एक दिन पहले गांव जोधपुर में 400 एकड़ में लगी थी आग मौके पर पहुंची दमकल गाड़ी ने आग पर पूरी तरह काबू पाया, जिससे बड़ा नुकसान होने से टल गया। हालांकि, गेहूं की नाड़ जलने से किसानों को काफी नुकसान हुआ है। गौरतलब है कि इससे ठीक एक दिन पहले शाम को गांव जोधपुर व आसपास के इलाकों में भी करीब 400 एकड़ में गेहूं की फसल जलकर राख हो गई थी।
Source link
