मुख्य बातें

औरंगाबाद में 5 किलोमीटर लंबी कलश यात्रा: 1001 श्रद्धालुओं ने भरा जल; शिव प्राण प्रतिष्ठा और रुद्र महायज्ञ का आयोजन – Aurangabad (Bihar) News




औरंगाबाद के वार्ड नंबर चार स्थित रामाबांध में श्री शिव प्राण प्रतिष्ठा सह श्री रुद्र महायज्ञ आयोजन किया जा रहा है। जिसको लेकर शनिवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। पूरा क्षेत्र भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया। गाजे-बाजे और जयघोष के बीच निकली यात्रा में 1001 श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर परिसर में विद्वान आचार्यों की ओर से विधिवत पूजा-अर्चना और कलश पूजन के बाद यात्रा का शुभारंभ किया गया। लाल और पीले वस्त्रों में सजे श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर ‘हर हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों के साथ आगे बढ़ते नजर आए। भक्तिमय माहौल ने पूरे इलाके को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। कलश यात्रा यज्ञ स्थल से निकलकर बाईपास, रमेश चौक और धर्मशाला मोड़ होते हुए लगभग पांच किलोमीटर की दूरी तय कर अदरी नदी स्थित सूर्य मंदिर घाट पहुंची। वहां विधिवत गंगा पूजन के बाद मुख्य यजमान ने सबसे पहले कलश में जल भरा, जिसके बाद अन्य श्रद्धालुओं ने भी जल भरकर अपने-अपने कलश को पवित्र किया। इसके बाद सभी श्रद्धालु यज्ञ स्थल पर लौटे, जहां विधिवत कलश स्थापना की गई। सात दिनों तक होगा आयोजन महायज्ञ 18 से 24 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जो क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बना हुआ है। इस महायज्ञ का आयोजन परम पूज्य श्री त्रिदंडी स्वामी जी महाराज के शिष्य पूज्य श्री जीयर स्वामी जी महाराज के सानिध्य में किया जा रहा है। काशी, प्रयागराज, वृंदावन और अयोध्या से पधारे विद्वान आचार्यगण वैदिक रीति-रिवाज से सभी अनुष्ठानों का संचालन कर रहे हैं। महाभंडारे के साथ होगा यज्ञ का समापन कार्यक्रम के तहत 18 अप्रैल को जलयात्रा, पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश और महाआरती के साथ यज्ञ का शुभारंभ हुआ। 19 अप्रैल को वेदी पूजन, अरणी मंथन, हवन प्रारंभ, जलाधिवास और भंडारा आयोजित किया जाएगा। 20 अप्रैल को अन्नाधिवास और महाआरती, 21 अप्रैल को घृताधिवास, फलाधिवास, पुष्पाधिवास स्थापना की जाएगी। 22 अप्रैल को समस्त अधिवास और नगर भ्रमण, 23 अप्रैल को प्राण प्रतिष्ठा, राजोपचार पूजन और 24 अप्रैल को सार्वजनिक हवन, पूर्णाहुति और महाभंडारा के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। विशेष आकर्षण के रूप में 23 अप्रैल तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से अयोध्या से पधारे अंतरराष्ट्रीय कथावाचक श्री श्याम दास जी महाराज श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करेंगे। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। पल्लवी झा देंगी प्रस्तुति पूज्य जीयर स्वामी जी महाराज के रामाबांध आगमन की भी सूचना है, जिससे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन स्थल पर भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है और पूरे क्षेत्र को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। 24 अप्रैल को भक्ति जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देवघर की प्रसिद्ध कलाकार पल्लवी झा अपनी प्रस्तुति देंगी। जनसहयोग से शिव मंदिर का निर्माण यज्ञ समिति के अध्यक्ष पिंटू सिंह ने बताया कि गांव में जनसहयोग से भव्य शिव मंदिर का निर्माण कराया गया है। इसी मंदिर में भगवान शिव की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर इस महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीण तन, मन और धन से जुटे हुए हैं। इस धार्मिक आयोजन ने पूरे गांव में एकता, भक्ति और उत्साह का वातावरण बना दिया है। रामाबांध सहित आसपास के क्षेत्रों में इस महायज्ञ को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *