मुख्य बातें

‘घूमने आया हूं, लौटने के बाद कोई विचार किया जाएगा’: परीक्षा नियंत्रक बोले, JPU परीक्षा रूटीन में गड़बड़ी, छात्रों ने किया प्रोटेस्ट – Siwan News

‘घूमने आया हूं, लौटने के बाद कोई विचार किया जाएगा’:  परीक्षा नियंत्रक बोले, JPU परीक्षा रूटीन में गड़बड़ी, छात्रों ने किया प्रोटेस्ट – Siwan News

सीवान शहर के डीएवी कॉलेज के समीप स्नातक पार्ट-1 की परीक्षा के दौरान उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने मुख्य गेट के पास सड़क जाम कर दिया। छात्र प्रशासन को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए और अपनी नाराजगी खुलकर जताई। जानकारी के अनुसार, ये छात्र बड़हरिया स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर डिग्री कॉलेज और मजहरुल हक डिग्री कॉलेज, तरवारा के हैं। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय द्वारा जारी परीक्षा रूटीन अस्पष्ट और कोडिंग भाषा में था, जिसके कारण कॉलेज प्रशासन ने उन्हें पॉलिटिकल साइंस की परीक्षा शनिवार को होने की जानकारी दी, जबकि वास्तविक परीक्षा शुक्रवार को ही समाप्त हो चुकी थी। छात्रों ने बताया कि कुछ परीक्षार्थी शुक्रवार को डीएवी कॉलेज परीक्षा केंद्र पहुंचे भी थे, लेकिन वहां उनके कॉलेज का नाम सूची में दर्ज नहीं था, जिसके चलते वे वापस लौट गए। वहीं जब वे शनिवार को परीक्षा देने पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि परीक्षा पहले ही खत्म हो चुकी है। इस लापरवाही से उनका एक साल बर्बाद होने का खतरा मंडराने लगा, जिससे आक्रोशित होकर उन्होंने सड़क जाम कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे और धैर्यपूर्वक छात्रों को समझाते हुए हालात को नियंत्रित किया। उन्होंने कॉलेज प्रशासन और परीक्षा नियंत्रक से बात कर छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या का समाधान निकाला जाएगा। उनके प्रयास से जल्द ही सड़क जाम समाप्त हो गया और यातायात बहाल हुआ। दूसरी ओर, जब इस पूरे मामले में विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशोक कुमार मिश्रा से संपर्क किया गया, तो उनका बेहद गैर-जिम्मेदाराना रवैया सामने आया। उन्होंने मामले की गंभीरता को नजरअंदाज करते हुए कहा कि वे फिलहाल मथुरा घूमने आए हैं और लौटने के बाद ही इस पर कोई विचार किया जाएगा। ऐसे बयान से छात्रों में और आक्रोश फैल गया है। हालांकि, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. परमेंद्र कुमार वाजपेयी ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए आश्वासन दिया है कि परीक्षा मंडल की बैठक बुलाकर छात्रहित में उचित निर्णय लिया जाएगा। अब देखना यह होगा कि लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे छात्रों को न्याय कब तक मिलता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *