छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में एक पालतू तोता पेड़ पर बैठ गया। जिसे नीचे उतारने के लिए फायर ब्रिगेड ने पानी की तेज बौछारें डाली। उसे नीचे उतारने के लिए हजारों लीटर पानी बहा दिए गए। वो भी ऐसे समय पर जब भीषण गर्मी पड़ रही हो। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि, यह तोता किसी अधिकारी का है, लेकिन उस अधिकारी का नाम पता नहीं चल सका है। वहीं, वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। मामला OBC बॉयज हॉस्टल के पास का बताया जा रहा है। देखिए तस्वीरें… जानिए क्या है पूरा मामला ? जानकारी के अनुसार, ओबीसी बॉयज हॉस्टल परिसर के पास कहीं से आकर एक पालतू तोता पेड़ पर बैठ गया। लंबे समय तक वहीं बैठा रहा। वह नीचे उतरने का नाम ही नहीं ले रहा था। इसकी सूचना फायर ब्रिगेड की टीम को दी गई। जिसके बाद फायर ब्रिगेड कर्मियों ने पानी की तेज बौछारें डाली। तोता काफी ऊंचाई पर बैठा था और उसे नीचे लाने के लिए पाइप से लगातार पानी डाला गया। कड़ी मशक्कत के बाद तोता नीचे उतरा।इस दौरान हजारों लीटर पानी बहाया गया, जबकि इलाका पहले से ही भीषण गर्मी और पानी की कमी से जूझ रहा है। सोशल मीडिया यूजर्स ने उठाए सवाल स्थानीय नागरिकों और सोशल मीडिया यूजर्स ने वीडियो वायरल होने के बाद सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि, फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवा का इस्तेमाल आगजनी, दुर्घटनाओं और जनसेवा के लिए होना चाहिए, न कि इस तरह के कार्यों के लिए। किस अधिकारी का था तोता, स्पष्ट नहीं लोगों का आरोप है कि, यह सरकारी संसाधनों और पानी की खुली बर्बादी है। हालांकि, तोता किस अधिकारी का है, फिलहाल अभी यह आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं है। मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि इस मामले में जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है? …………………………….. इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… प्रवासी पक्षियों से गुलजार खैरागढ़..ब्राह्मणी बतख भी दिखी:जिले में 213 प्रजाति के पक्षी; वेटलैंड्स में 90 रंगबिरंगे सारस, 1100 से ज्यादा बत्तख दिखे छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ इस समय प्रवासी पक्षियों से गुलजार है। जिले में 213 प्रजाति के पक्षी मिले हैं। रूस के कॉमन क्रेन पक्षी के अलावा 90 पेंटेड स्टॉर्क्स और 1100 से अधिक प्रवासी बत्तखें देखी गई हैं। जलचर पक्षियों में नॉर्दर्न शोवलर, यूरेशियन कर्ल्यू और कॉमन पोचार्ड शामिल हैं। पढ़ें पूरी खबर…
Source link
