जमशेदपुर के पोटका थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। हाता-जादूगोड़ा मुख्य मार्ग पर जुड़ी रेलवे क्रॉसिंग के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर कई वाहनों से टकरा गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, पश्चिम बंगाल नंबर की एक कार ओडिशा की ओर जा रही थी। जुड़ी रेलवे क्रॉसिंग के पास बने स्पीड ब्रेकर पर कार उछलने से चालक का नियंत्रण बिगड़ गया। अनियंत्रित कार ने पहले एक टाटा मैजिक को टक्कर मारी, फिर दो बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद कार पलट गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पोटका पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। पोटका सीएचसी में एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और उसके परिजनों की तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
Source link
