पहलगाम की बैसरन घाटी। हरी वादियों और घास के मैदानों से आबाद। कश्मीर आने वाले टूरिस्ट यहां जरूर आते थे। ठीक एक साल पहले 22 अप्रैल को भी आए थे। तभी जंगल की तरफ से तीन आतंकी आए और 13 मिनट में 26 लोगों का कत्ल कर दिया। बैसरन घाटी वीरान हो गई। पूरा साल बी
.
पहलगाम में अटैक करने वाले तीनों आतंकी मारे गए, भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान से बदला ले लिया, लेकिन बैसरन घाटी में कुछ नहीं बदला। मुंबई की मुनीजा परिवार के साथ कश्मीर घूमने आईं, तो पहलगाम भी पहुंचीं। बैसरन घाटी जाना चाहती थीं, लेकिन नहीं जा पाईं क्योंकि हमले के बाद घाटी दोबारा खुली ही नहीं।
पहलगाम अटैक के बाद क्या बदला
1. 48 में से 6 टूरिस्ट स्पॉट अब भी बंद, सिक्योरिटी क्लियरेंस के बाद खुलेंगे
हमले के बाद कश्मीर में 48 टूरिस्ट स्पॉट बंद किए गए थे। इनमें 42 दोबारा खुल गए। 6 अब भी बंद हैं। बैसरन घाटी के अलावा चंदनवाणी, गुरेज, अथवटो, बंगस और रामकुंड का सिक्योरिटी रिव्यू हो रहा है। क्लीयरेंस के बाद इन्हें खोला जा सकता है।
आतंकी हमले से पहले अप्रैल, जून और जुलाई में हर दिन 10 हजार से ज्यादा टूरिस्ट पहलगाम आते थे। अब 2000 से 2500 ही आते हैं। अब बैसरन घाटी कब खुलेगी, हमने ये सवाल जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों से पूछा। वे ऑफिशियली बात करने को नहीं हुए, लेकिन ये बताया कि अभी यहां की सिक्योरिटी देखी जा रही है। क्लीयरेंस मिलने के बाद ही फैसला लिया जाएगा।
पहलगाम में कम ही सही लेकिन टूरिस्ट आने लगे हैं। इनमें ज्यादातर फैमिली हैं।
2. घोड़े वाले, दुकानदारों की पहचान के लिए QR कोड वाले कार्ड
सेंसेटिव टूरिस्ट स्पॉट की लिस्टिंग की गई है। यहां टूरिस्ट के साथ सीधे कॉन्टैक्ट में आने वाले लोकल लोगों का वेरिफिकेशन होगा। उन्हें QR कोड वाला कार्ड जारी किया जा रहा है। इसे स्कैन करते ही, उनकी डिटेल, फोन नंबर, आधार नंबर और एड्रेस की जानकारी मिल जाएगी। इसकी शुरुआत इसी हफ्ते से पहलगाम में हुई है।
मुंबई से आईं टूरिस्ट मुनीजा मोहम्मद मेरीशा बताती हैं, ‘पहलगाम अटैक की वजह से थोड़ा डरी हुई थी। यहां घूमने के बाद डर नहीं है। सेफ्टी पर काम हो रहा है। हर घोड़े वाले के पास एक QR कोड है। इसे स्कैन करने पर पता चल जाता है कि हम सही इंसान के साथ घूमने आए हैं।’
मुनीजा इसका अनुभव बताती हैं, ‘मैं एक घोड़े वाले से बैसरन घाटी जाने की बात कर रही थी। उसने अपनी पहचान के लिए QR कोड दिखाया। इसे स्कैन करते ही उसकी पूरी डिटेल आ गई। नाम- मोहिद्दीन मागरे। एड्रेस- पहलगाम। फोन नंबर 9469******। आधार नंबर 4491********। प्रोफेशन-पोनी मैन। पुलिस वेरिफाइड- यस।’

कार्ड स्कैन करते ही मोबाइल पर ये जानकारी मिलती है। ऐसे कार्ड घोड़े वालों से लेकर दुकान, फेरी वाले, ऑपरेटर और टूरिस्ट के साथ घूमने वाले वेंडर को जारी हुए हैं।
टूरिस्ट गाइड जब्बार अहमद मागरे कहते हैं कि QR कोड शुरू करके सरकार ने अच्छा काम किया है। इससे घोड़े वाले, कैमरे वालों और दुकान वालों की सही पहचान हो रही है। अब तक 165 से ज्यादा घोड़े वालों को कार्ड इश्यू हुए हैं। हम सबसे पहले टूरिस्ट को कार्ड ही दिखाते हैं। गाड़ी वाले और दुकानदार, सभी के अलग-अलग QR कोड हैं।
3. आतंकियों के मददगारों के खिलाफ चार्जशीट
पहलगाम अटैक में शामिल तीन पाकिस्तानी आतंकियों की मदद करने वाले ओवरग्राउंड वर्कर्स के खिलाफ जम्मू NIA कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की गई है। ट्रायल शुरू हो गया है। 1300 पेज की चार्जशीट में हमले की साजिश पाकिस्तान में रचे जाने के सबूत दिए गए हैं। पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और द रेजिस्टेंस फ्रंट समेत 7 आरोपी बनाए गए हैं। चार्जशीट में पाकिस्तानी हैंडलर सजाद जट्ट का नाम भी है।

4. आतंकियों से भिड़ने वाले आदिल की पत्नी को नौकरी, परिवार को घर मिला
कश्मीरी युवक सैयद आदिल हुसैन 22 अप्रैल,2025 को टूरिस्ट के साथ बैसरन घाटी गए थे। आतंकियों ने हमला किया, तो वे टूरिस्ट को बचाने के लिए एक आतंकी से भिड़ गए। उसकी राइफल पकड़ ली। आदिल को आतंकी ने तीन गोलियां मार दीं।
परिवार की जिम्मेदारी 29 साल के आदिल पर ही थी। जम्मू-कश्मीर सरकार ने उनकी पत्नी गुलनाज अख्तर को सरकारी नौकरी दी है। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने उनके गांव हापतनार में घर बनवाकर दिया है। आदिल के भाई नौशाद कहते हैं, ‘उसकी मौत से हमें तकलीफ तो होती है लेकिन उससे ज्यादा फख्र होता है। उसने आतंकियों के सामने घुटने नहीं टेके।’

टूर ऑपरेटर बोले- EMI नहीं भर पा रहे, बैंक वाले गाड़ी उठा ले जाएंगे
जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर से करीब 90 किमी दूर पहलगाम और पहलगाम से 6 किमी दूर बैसरन घाटी है। घास के बड़े मैदान, देवदार के घने जंगल, बर्फ से ढंकी पहाड़ियों की वजह से ये जगह स्विट्जरलैंड का एहसास दिलाती है। इसलिए इसका नाम मिनी स्विट्जरलैंड ही पड़ गया। यहां सिर्फ घोड़े या ट्रैक करके ही जा सकते हैं।
जिस जगह से टूरिस्ट सफर शुरू करते थे, वहां काफी घोड़े और गाइड मिल जाते थे। एक साल बाद भी मिले, लेकिन पहले से बहुत कम। घाटी का रास्ता बताने वाला बोर्ड भी हटा दिया गया। पहलगाम से 2-3 किमी दूर कनहमर्ग है। अब गाइड लोगों को वहीं घुमाने ले जाते हैं। बैसरन घाटी की ओर कोई नहीं जा सकता।

बैसरन घाटी पहलगाम के सबसे मशहूर टूरिस्ट स्पॉट में शामिल है। इसका रास्ता पहाड़ों और जंगलों से होकर जाता है।
टूर ऑपरेटर मोहम्मद शफी बताते हैं कि बैसरन घाटी पहलगाम का सबसे पसंदीदा स्पॉट है। आतंकी हमले के बाद 8-9 महीने तक पहलगाम पूरी तरह बंद रहा। डेढ़-दो महीने से टूरिस्ट आना शुरू हुए हैं। बैसरन घाटी के साथ चंदनवाड़ी भी बंद है। इसलिए सिर्फ 20% टूरिस्ट आ रहे हैं। साइट बंद होने से वे भी जल्दी लौट जाते हैं।’
‘कहा गया है कि जल्द ही घाटी खोली जाएगी, लेकिन अभी फाइनल नहीं हुआ है। पुलिस और एजेंसियां पूरी सिक्योरिटी जांच कर लें। कम से कम चंदनवाड़ी को तो खोलना चाहिए। चंदनवाड़ी में बर्फ होती है। टूरिस्ट वही देखने आते हैं। हमारी गाड़ियों की किस्त बाकी है। अगर ये टूरिस्ट स्पॉट नहीं खोले गए, तो किस्त नहीं भर पाएंगे। बैंक वाले गाड़ी उठा ले जाएंगे। चंदनवाड़ी पर पुलिस चौकी है, आर्मी तैनात है। उसे खोला जा सकता है। बैसरन घाटी भले बंद रखें।’
पहलगाम में पोनी मैन एसोसिएशन के प्रेजिडेंट बिलाल अहमद कहते हैं, ‘एक साल बाद भी हमारा काम बंद है। कई लोगों ने अपने घोड़े और गाड़ियां बेच दीं। कुछ टूरिस्ट साइट खुलने से काम शुरू हुआ है। रोज 200-500 रुपए की कमाई हो रही है। हम मांग कर रहे हैं कि कुछ और साइट खोली जाएं।’
‘अभी टूरिस्ट आ रहे हैं। हम उन्हें यहां-वहां घुमा देते हैं। इससे टूरिस्ट खुश नहीं होते। वे तो बैसरन घाटी और चंदनवाड़ी घूमने आते हैं। इनमें से कोई भी खुल जाए, तो अच्छा रहेगा। यहां अब बहुत सिक्योरिटी है। हम लोग भी समझ गए हैं कि किस तरह के लोग बुरे हैं और उनसे दूर रहना है।’
22 अप्रैल, 2025 का दिन, जब बैसरन घाटी में अटैक हुआ दोपहर करीब 2 बजे की बात है। टूरिस्ट के ग्रुप घाटी में वीडियो-फोटो शूट कर रहे थे। उसी वक्त तीन आतंकी जंगल की ओर से आए और गोलियां बरसाने लगे। पहली गोली करीब 2.20 बजे चली। शुरुआत में किसी को समझ नहीं आया कि क्या हुआ है। जब लाशें गिरने लगीं, तब लगा कि हमला हुआ है। लोग बचने के लिए भागे, लेकिन उस मैदान में छिपने की जगह ही नहीं थी। हमले में कुल 26 लोग मारे गए।

पहलगाम अटैक के 15 दिन बाद भारत ने 7 मई को रात डेढ़ बजे पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकियों के 9 ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की। भारत ने कोटली, बहावलपुर, मुरीदके, बाग और मुजफ्फराबाद में एयर स्ट्राइक की। इसमें आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का हेडक्वॉर्टर और जैश-ए-मोहम्मद के मुखिया मसूद अजहर का ठिकाना शामिल है।
मुजफ्फराबाद पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की राजधानी है और यहीं से आतंकी नेटवर्क ऑपरेट होता है। ऑपरेशन सिंदूर में 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए। इनमें कंधार प्लेन हाईजैक, पठानकोट और संसद हमले में शामिल अब्दुल रऊफ अजहर भी शामिल है। रऊफ जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मौलाना मसूद अजहर का भाई था।
……………………………. पहलगाम अटैक पर ये स्टोरी भी पढ़िए, ये हमले के 30 दिन पूरे होने पर की गई थी… 13 मिनट, 26 कत्ल; वीडियो में देखिए आतंकी कहां से आए, कहां गए

कश्मीर की हरी-भरी बायसरन घाटी, उसकी खूबसूरती को निहारते टूरिस्ट, गोलियां, चीखें, बचने-बचाने की कोशिशें और 26 कत्ल, 22 अप्रैल को हुए पहलगाम अटैक की कहानी बस इतनी ही है, लेकिन असर इतना बड़ा कि भारत-पाकिस्तान जंग के मुहाने पर खड़े हो गए। पहलगाम में तीन आतंकी आए और हमेशा का दर्द देकर चले गए। पढ़िए पूरी खबर…
