![]()
मुरादाबाद रेल मंडल के अंतर्गत चुड़ियाला-बलियाखेड़ी मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक संख्या 531-बी को मरम्मत कार्य के चलते पांच दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। रेलवे अधिकारियों ने बुधवार से ट्रैक की मरम्मत का काम शुरू करा दिया, जिसके कारण इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया है। ये कार्य 26 अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। बुधवार को निर्धारित समय पर रेलवे कर्मचारी मरम्मत कार्य में जुट गए थे। फाटक बंद होने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे ने वैकल्पिक मार्ग के रूप में समपार संख्या 530-सी स्थित रेलवे ओवरब्रिज (कोलकी-गागलहेड़ी मार्ग) निर्धारित किया है। इसी मार्ग से बलियाखेड़ी, भलस्वा और आसपास के क्षेत्रों के लोग आवागमन कर रहे हैं। हालांकि, इस वैकल्पिक रास्ते से गुजरने पर लोगों को करीब एक किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। गर्म मौसम के चलते दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस मरम्मत कार्य का ट्रेनों के संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। काम ट्रैक के बराबर में किया जा रहा है, जिससे रेल यातायात बाधित नहीं होगा और ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा। सीनियर सेक्शन इंजीनियर अमरजीत सिंह भंडारी ने बताया कि फाटक संख्या 531-बी पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है, जो 26 अप्रैल तक निर्धारित समय के अनुसार चलेगा। साथ ही, वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है।
Source link
