![]()
किशनगंज के बहादुरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक अन्य युवक घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया। यह दुर्घटना मोहम्मदनगर पंचायत अंतर्गत खोदागंज चौक से बालूबाड़ी जाने वाली सड़क पर हुई, जहां तेज रफ्तार पिकअप वैन और अपाचे बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक और पिकअप वैन दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बाइक चालक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया गया। मृतक की पहचान प्रेम दास के रूप में मृतक युवक की पहचान प्रेम दास (28 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बहादुरगंज थाना क्षेत्र के बालूबाड़ी गांव का निवासी था। परिजनों के अनुसार, प्रेम दास रोज की तरह सुबह अपने गांव से खोदागंज स्थित दुकान खोलने जा रहा था। चलाते थे वेल्डिंग की दुकान स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रेम दास मेहनतकश युवक था और खोदागंज में वेल्डिंग की दुकान चलाता था। रोजाना वह घर से दुकान के लिए इसी रास्ते से आता-जाता था। हादसे के दिन भी वह अपनी रोजमर्रा की तरह दुकान खोलने जा रहा था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई। डेढ़ महीने पहले हुई थी शादी प्रेम दास की शादी महज डेढ़ महीने पहले पश्चिम बंगाल की एक युवती से हुई थी। परिवार में अभी शादी की खुशियां पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई थीं कि अचानक इस हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया। शादी के बाद नई जिंदगी की शुरुआत कर रहे प्रेम की असमय मौत से पत्नी और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। युवक की मौत की खबर जैसे ही बालूबाड़ी गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के घर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। नई नवेली दुल्हन की हालत भी खराब बताई जा रही है। शादी के कुछ ही दिनों बाद पति की मौत ने उसे गहरे सदमे में डाल दिया है। टेंट सामान लदा था पिकअप वैन में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिकअप वैन में टेंट का सामान लदा हुआ था, जिसमें कुर्सी, टेबल और अन्य सामग्री थी। बताया जा रहा है कि वाहन जानकीभित्था निवासी एक टेंट व्यवसायी का था। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या सड़क की खराब स्थिति के कारण हुआ। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर अक्सर भारी वाहन तेज गति से चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
Source link
