![]()
राजसमंद के केलवा थाना सर्कल से मोखमपुरा (NH-8 गोमती-उदयपुर फोरलेन) में एनएच-8 पर एक मादा लेपर्ड का शव मिला। ग्रामीणों ने हेल्पलाइन नंबर 1926 पर वन विभाग को सूचना दी।
राजसमंद रेंजर लादूलाल शर्मा ने टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि केलवा थाना से करीब 15–20 किलोमीटर दूर एक मादा तेंदुआ का शव उदयपुर जाने वाली सड़क के किनारे पड़ा था। वन विभाग ने पंचनामे के बाद शव को पिपरड़ा स्थित नर्सरी में भिजवाया।
सिर में गहरी चोट से गई जान
पिपरड़ा नर्सरी में पशु चिकित्सक डॉक्टर जावेद खान पठान, डॉक्टर संदीप गौतम और डॉक्टर महेंद्र व्यास की टीम ने पोस्टमार्टम किया। इस मादा लेपर्ड की उम्र करीब 3–4 साल की है। डॉक्टरों की टीम का अनुमान है कि किसी गाड़ी की टक्कर से सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद लेपर्ड का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
डंपिंग यार्ड में प्यास बुझाने आई थी वन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक मोखमपुरा क्षेत्र के आसपास मार्बल डंपिंग यार्ड में बारिश का पानी जमा हो जाता है। इसलिए यहां अक्सर लेपर्ड की आवाजाही रहती है। आशंका जताई जा रही है कि पानी की तलाश में यह मादा तेंदुआ सड़क पार कर रही होगी, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी जान चली गई।
Source link
