![]()
पठानकोट में भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। सीमावर्ती जिला पठानकोट में पिछले कई दिनों से बिना किसी पूर्व सूचना के लग रहे लंबे बिजली कटों ने आम जनजीवन को पूरी तरह बेहाल कर दिया है। 40 डिग्री तापमान की भीषण गर्मी और ऊपर से घंटों बिजली का गायब रहना, अब लोगों के धैर्य की परीक्षा ले रहा है। हालात ये हैं कि शनिवार शाम से रविवार सुबह तक 10 घंटे बिजली गुल रही। जिससे लोगों को पूरी रात परेशानियों का सामना करना पड़ा। विभाग ने बिजली कटों पर लगाई है रोक
बता दें,पंजाब में बिजली विभाग ने देर रात कटों पर रोक लगा दी। 30 अप्रैल तक 11 kV और उससे ऊपर के किसी भी काम के लिए शटडाउन की अनुमति बिना जोनल ऑफिस की लिखित मंजूरी के नहीं देने की बात कही गई।
आदेश में कहा गया कि पहले से तय सभी शटडाउन तुरंत रद्द कर दिए गए हैं। सभी फील्ड अधिकारी तुरंत चल रहे काम बंद करें और बिजली सप्लाई जल्द से जल्द बहाल करें। इन निर्देशों का सख्ती से पालन करें और इसे सबसे ज्यादा प्राथमिकता दें। लेकिन, अब अघोषित कट लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हैं। पूरी रात गर्मी में गुजारी रात
बता दें, शनिवार को शहर में दिन भर बिजली आती-जाती रही। वहीं, शाम 7 बजे गुल हुई बिजली रात साढ़े 12 बजे आई। एक घंटा बिजली आपूर्ति हुई तो डेढ़ बजे के आसपास एक बार फिर बिजली बंद हो गई। उसके बाद सुबह साढ़े 5 बजे बिजली लौटी।
उसके बाद भी साढ़े 8 बजे तक बिजली आती-जाती रही। वहीं, कुछेक इलाकों में कम वोल्टेज के कारण लोगों को रात भर दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उमस और गर्मी का डबल अटैक, इनवर्टर भी दे गए जवाब
लगातार बढ़ते तापमान के बीच लगातार बिजली कटों के कारण शहर के मोहल्लों और ग्रामीण इलाकों में स्थिति बदतर है। अघोषित कटों के कारण इनवर्टर भी जवाब दे गए हैं। लगातार कट रही बिजली के कारण इनवर्टर चार्ज नहीं हो पाए।
जिसके चलते आधी रात को ही लोगों के इनवर्टर बंद लो गए और लोगों को पूरी रात जाग कर काटनी पड़ी। छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह गर्मी जानलेवा साबित हो रही है। रात के समय लगने वाले कटों के कारण लोग सड़कों पर टहलने को मजबूर हैं। कारोबारियों में भारी रोष
बाजार के दुकानदारों का कहना है कि बिजली न होने से ग्राहक दुकानों में नहीं रुकते। वहीं, कंप्यूटर और मशीनरी से जुड़े काम पूरी तरह बंद हो जाते हैं। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि सरकार एक तरफ मुफ्त बिजली का वादा करती है, लेकिन दूसरी तरफ पर्याप्त बिजली देने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
पटियाला से शेड्यूल किए जा रहे कट
पावरकॉम के चीफ इंजीनियर रविंदरजीत सिंह बोपाराय ने कहा कि सारे कट पटियाला से शेड्यूल किए जा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर कोई कट नहीं लगाया जा रहा। कई स्थानों पर संभावित ओवरलोडिंग और तकनीकी खराबी के कारण कट लग रहे हैं। कुछ दिनों तक ऐसा ही चलेगा। उसके बाद लोगों को इस परेशानी से राहत मिल जाएगी।
Source link
