एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति और दिवंगत इंडस्ट्रियलिस्ट संजय कपूर की करीब 30 हजार करोड़ रुपए की संपत्ति का विवाद सुप्रीम कोर्ट में है। सोमवार को मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने संजय की 80 साल की मां रानी कपूर को सलाह दी कि वे लंबी कानूनी लड़ाई के बजाय आपसी बातचीत (मिडिएशन) से मामला सुलझाएं। जस्टिस जेबी पारदीवाला की बेंच ने टिप्पणी की, “यह मुकदमा 80 साल की उम्र में शुरू हुआ है… यह लड़ने की उम्र नहीं है।” कोर्ट ने कहा- लंबी चलेगी कानूनी लड़ाई
सुप्रीम कोर्ट ने रानी कपूर की याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि इस मामले में कई पक्ष और बड़ी संपत्ति शामिल है, इसलिए यह कानूनी लड़ाई काफी लंबी खिंच सकती है। बेंच ने सुझाव दिया कि सभी पक्षों के लिए यही बेहतर होगा कि वे मिडिएशन के जरिए शांति से कोई रास्ता निकालें। हालांकि, कोर्ट ने यह भी साफ किया कि वे मामले को मेरिट के आधार पर भी सुनेंगे, लेकिन पहली प्राथमिकता आपसी समझौते को देंगे। इस मामले पर अगली सुनवाई अगले हफ्ते होगी। मां ने बहू पर लगाया धोखाधड़ी का आरोप
रानी कपूर ने दिल्ली हाई कोर्ट के उस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है, जिसमें उन्हें अंतरिम सुरक्षा देने से मना कर दिया गया था। रानी का आरोप है कि उन्हें उनकी पूरी विरासत, घर और संपत्ति से बेदखल कर दिया गया है। उन्होंने अपनी याचिका में कहा कि साल 2017 में ब्रेन स्ट्रोक आने के बाद उनके बेटे संजय कपूर और बहू प्रिया कपूर ने उनकी बीमारी का फायदा उठाया। आरोप है कि उनसे सादे कागजों पर साइन कराकर एक फैमिली ट्रस्ट बनाया गया और उनकी जानकारी के बिना संपत्ति ट्रस्ट के नाम कर दी गई। 2025 में हुई थी संजय कपूर की मौत
यह पूरा विवाद पिछले साल जून में संजय कपूर की मौत के बाद और गहरा गया। 53 साल के संजय कपूर की इंग्लैंड में एक पोलो मैच के दौरान कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई थी। रानी कपूर का कहना है कि बेटे की मौत के बाद उनकी तीसरी पत्नी प्रिया कपूर ने पूरी ग्रुप कंपनियों पर नियंत्रण कर लिया और उन्हें संपत्ति में कोई हिस्सा नहीं दिया। रानी कपूर अब अपनी संपत्ति और घर को सुरक्षित करने के लिए कानूनी सुरक्षा मांग रही हैं। करिश्मा कपूर के बच्चों का भी है दावा
संजय कपूर की विरासत को लेकर यह लड़ाई सिर्फ मां और बहू के बीच नहीं है। इसमें बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के बच्चे – समायरा और कियान भी शामिल हैं। संजय और करिश्मा के बच्चों ने संजय की उस वसीयत (Will) को चुनौती दी है, जिसमें संपत्ति का बड़ा हिस्सा प्रिया कपूर और उनके बच्चों के नाम किया गया है। बच्चों का आरोप है कि यह वसीयत फर्जी हो सकती है और इसमें परिवार के अन्य नजदीकी रिश्तेदारों को जानबूझकर बाहर रखा गया है।
Source link
