बदायूं में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। मुठभेड़ में लुटेरे की दोनों टांगों में गोली लगी है, वहीं एक सिपाही भी घायल हुआ है। पुलिस ने लूटा गया कुंडल भी बरामद कर लिया है। यह घटना 27 अप्रैल को सदर कोतवाली इलाके में हुई एक लूट से संबंधित है। बाइक सवार बदमाशों ने घनी आबादी वाले क्षेत्र में एक महिला से कुंडल लूट लिया था। घटना के बाद से ही पुलिस इन लुटेरों की तलाश कर रही थी। सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि गुरुवार रात कादरी तिराहे पर पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो लोगों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने बाइक भगा दी। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमले की नीयत से फायरिंग की। बदमाशों की गोली कोतवाली में तैनात सिपाही पुष्पेंद्र को लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश की दोनों टांगों में गोली लग गई। दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पकड़े गए बदमाश के पास से एक तमंचा, कारतूस और खोखे बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान पप्पू उर्फ विकारउद्दीन निवासी मोहल्ला नई सराय के रूप में बताई। उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला गया, जिसमें मारपीट, लूट, आर्म्स एक्ट और धमकाने सहित 18 से अधिक गंभीर मामले दर्ज पाए गए। घायल सिपाही और बदमाश दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सीओ सिटी ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है और लूटा गया कुंडल बरामद कर लिया गया है।
Source link
