![]()
मोगा जिले में गेहूं खरीद सीजन अपने अंतिम चरण में है। जिला प्रशासन के सुनियोजित प्रबंधों के कारण अब तक 6.28 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है, जिसके लिए किसानों को लगभग 1470 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। उपायुक्त सागर सेतिया ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार शाम तक जिले की विभिन्न मंडियों से कुल 6,28,406 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है। इससे किसानों को आर्थिक राहत मिली है।खरीद एजेंसियों के अनुसार, इस कुल खरीद में से 2,14,736 मीट्रिक टन गेहूं पैंग्रेन, 1,67,178 मीट्रिक टन मार्कफेड, 1,42,269 मीट्रिक टन पनसप, 1,03,892 मीट्रिक टन वेयरहाउसिंग एजेंसियों तथा 329 मीट्रिक टन निजी व्यापारियों द्वारा खरीदा गया है। उपायुक्त बोले- तुरंत हो रही गेहूं की खरीदी उपायुक्त ने बताया कि प्रतिदिन 15 से 20 हजार मीट्रिक टन गेहूं मंडियों में पहुंच रहा है, जिसकी तुरंत खरीद की जा रही है। बीते दिन अकेले 22,373 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद दर्ज की गई। प्रशासन मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए लगातार निगरानी बनाए हुए है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदे गए गेहूं की ढुलाई में और तेजी लाई जाए, ताकि मंडियों में अनावश्यक स्टॉक जमा न हो। अब तक लगभग 4 लाख मीट्रिक टन गेहूं की ढुलाई पूरी की जा चुकी है। उपायुक्त ने किसानों से पराली न जलाने की अपील करते हुए कहा कि इससे निकलने वाली जहरीली गैसें पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होती हैं। उन्होंने किसानों को फसल अवशेषों को मिट्टी में मिलाने की सलाह दी, जिससे भूमि की उर्वरता में सुधार हो सके।
Source link
