फरीदाबाद के गांव सीही में किराये पर रहने वाले दो नाबालिग लड़कों के घर से अचानक गायब होने का मामला सामने आया। इसके साथ लड़कों की तलाश में परेशान परिजनों के साथ ठगी की घटना भी हो गई। एक अज्ञात व्यक्ति ने लड़कों का पता बताने के नाम पर उनके पिता से 10 हजार रुपये ठग लिए। हालांकि दो दिन बाद दोनों नाबालिग खुद ही घर वापस लौट आए। अचानक घर से गायब हो गए थे दोनों बेटे जानकारी के अनुसार 16 वर्षीय अनीश कुमार के पिता बलराम ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और फरीदाबाद के गांव सीही में किराये पर रहकर दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। 26 अप्रैल की शाम को उनका बेटा अनीश अपने दोस्त 17 वर्षीय विक्की के साथ घर पर मोबाइल में गेम खेल रहा था। शाम करीब 5 बजे दोनों अचानक घर से कहीं चले गए। देर रात तक दोनों वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं लगा। इससे परिजनों की चिंता बढ़ गई। अनहोनी की आशंका में पूरा परिवार दहशत में रहा। सोशल मीडिया का लिया सहारा, तो बना ठगी का शिकार अगले दिन बलराम सेक्टर-8 पुलिस चौकी में लड़कों के घर से लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस को दोनों के फोटो भी दिए गए। साथ ही परिजनों ने बच्चों की जानकारी के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया और एक सोशल मीडिया यूट्यूबर से दोनों लड़कों के गायब होने की सूचना डलवाई। पोस्ट में अनीश के पिता बलराम का मोबाइल नंबर भी दिया गया, जिससे पता बताने वाला उनसे संपर्क कर सके। पैसा लेने के बाद मोबाइल फोन बंद कर लिया बलराम ने बताया कि इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसने दावा किया कि उसे पता है दोनों लड़के कहां हैं, लेकिन जानकारी देने के बदले पैसे मांगे। परेशान पिता उसके झांसे में आ गए और उसके बताए गए बैंक खाते में 10 हजार रुपये डाल दिए। जैसे ही पैसे खाते में पहुंचे, उस व्यक्ति ने तुरंत अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और दोबारा संपर्क नहीं हुआ। इसके बाद बलराम ने इस ठगी की शिकायत भी पुलिस से की।
Source link
