![]()
दरभंगा के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने एक पिकअप गाड़ी से कुल 2455 बोतल विदेशी शराब जब्त की, जिसकी कुल मात्रा 666.6 लीटर आंकी गई है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान गाड़ी का ड्राइवर और उसका सहयोगी मौके से फरार होने में सफल रहे। थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मधुबन-अदलपुर मार्ग के रास्ते हसनपुर की ओर से एक पिकअप गाड़ी में शराब की बड़ी खेप कुशेश्वरस्थान लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और अदलपुर गांव की ओर से आ रही बीआर 09-2198 नंबर की पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसका पीछा किया। काफी दूर तक चले इस पीछा करने के दौरान चालक ने पकड़े जाने की आशंका में पिकअप को एक मकई के खेत के पास रोक दिया और खलासी के साथ वाहन से कूदकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत और आसपास के इलाकों में दोनों की तलाश में सघन छापेमारी की, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। इसके बाद पुलिस पिकअप गाड़ी और उसमें लदी शराब को कब्जे में लेकर थाने ले आई। आज सुबह जब्त शराब की गिनती कराई गई, जिसमें “ऑल सीजन” ब्रांड की कुल 2455 बोतलें पाई गईं। बरामद शराब की कुल मात्रा 666.6 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 13 लाख 34 हजार रुपये आंकी गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त पिकअप के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर गाड़ी मालिक की पहचान की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस तस्करी के पीछे मुख्य सरगना कौन है और शराब की यह खेप कहां पहुंचाई जानी थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही इस मामले में बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
Source link
