![]()
फरीदकोट जिले में थाना सदर कोटकपूरा के अधीन पुलिस चौकी पंजगराईं कलां ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूटपाट की योजना बना रहे एक गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तेजधार हथियार भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान गांव ढिलवां कलां निवासी रोमियो, पंजगराईं कलां निवासी अवतार सिंह उर्फ बंटी, कोटकपूरा निवासी अजय और गांव कोठे धालीवाल निवासी राजिंदर सिंह उर्फ राजू के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने की कार्रवाई जानकारी के अनुसार, एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के दिशा-निर्देशों पर असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएसआई सुखचैन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम इलाके में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति गांव पंजगराईं कलां से सीबिया जाने वाली लिंक रोड पर डेरा बाबा प्रेम दास के पास सफेदों की आड़ में छिपकर राहगीरों को लूटने की फिराक में हैं। सभी आरोपी के खिलाफ केस दर्ज सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और चारों आरोपियों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक कापा, एक कृपाण और लकड़ी का डंडा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि उनसे पूछताछ कर अन्य वारदातों का भी खुलासा किया जा सके।
Source link
