![]()
जगराओं के गांव अखाड़ा में लगातार दूसरे दिन एक और युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पहचान गांव अखाड़ा निवासी हरमनदीप सिंह के रूप में हुई है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। जानकारी के अनुसार, युवक का शव गांव अखाड़ा से काउंके कलां जाने वाली लिंक रोड पर नहर किनारे बरामद हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि हरमनदीप सिंह कुछ दिनों बाद विदेश जाने की तैयारी में था। वह शुक्रवार को ही अपने ट्रैवल एजेंट को पैसे देकर आया था। मंडी में करता था काम परिवार के अनुसार, हरमन सिंह गेहूं के सीजन में मंडी में पल्लेदारी का काम करता था। शुक्रवार से वह घर नहीं लौटा था, जिस पर परिवार ने सोचा कि काम अधिक होने के कारण वह मंडी में ही रुक गया होगा। शनिवार को हरमनदीप का शव मिलने के बाद परिवार सदमे में है। परिजनों ने पुलिस के सामने आशंका जताई है कि उनके बेटे की मौत किसी जहरीले जानवर के काटने से हुई है। उन्होंने पुलिस से मामले की गहनता से जांच करने का आग्रह किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। शुक्रवार को भी हुई थी युवक की मौत बता दें कि, एक दिन पहले शुक्रवार को भी गांव अखाड़ा के 33 वर्षीय जसपाल सिंह का शव गांव ढोलण जाने वाले रास्ते पर सेम नाले के पास संदिग्ध हालत में मिला था। लगातार दो दिनों में दो युवकों की रहस्यमयी मौतों से गांव में चिंता का माहौल है। पुलिस दोनों मामलों की गहराई से जांच कर रही है।
Source link
