जौनपुर में सुइथाकला क्षेत्र के जमदरा गांव में सोमवार को एक 65 वर्षीया वृद्धा चंद्रावती देवी की करंट लगने से मृत्यु हो गई। यह घटना घर में रखी पेटी से पैसा निकालते समय हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, चंद्रावती देवी पत्नी बांकेलाल यादव सोमवार को अपने घर में रखी पेटी से पैसे निकालने गई थीं। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गईं। उन्हें बचाने पहुंची उनकी बहू को भी करंट का झटका लगा, जिससे वह दूर जा गिरीं। जब तक परिजन वृद्धा को बचाने का प्रयास करते, तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थीं। उनके बेटे शेर बहादुर उन्हें तुरंत शाहगंज स्थित राजकीय पुरुष अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चंद्रावती देवी दो बेटियों और तीन बेटों की मां थीं। उन्होंने अपनी दोनों बेटियों और दो बड़े बेटों की शादी पहले ही कर दी थी। उनका तीसरा बेटा शेर बहादुर अभी अविवाहित है। घटना की सूचना पर सरपतहां पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में बिजली के शॉर्ट सर्किट या लीकेज करंट को हादसे का कारण बताया जा रहा है। इस घटना के बाद जमदरा गांव में गम का माहौल है।
Source link
