दुर्ग पुलिस ने अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधियों पर सख्ती दिखाई है। पुलिस ने अवैध हुक्का बार चलाने और अवैध शराब बिक्री के मामलों में छापेमारी कर कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में सामग्री भी जब्त की गई है। भिलाई के चरोदा स्थित विजय शांति हाईट्स में पुलिस ने अवैध हुक्का संचालन पर कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर पुरानी भिलाई पुलिस ने फ्लैट नंबर 23 पर छापा मारा, जहां छह युवक हुक्का पीते और पिलाते हुए पकड़े गए। पुलिस को मौके से हुक्का पॉट, फ्लेवर, पाइप और अन्य उपकरण सहित कुल 13,215 रुपए की सामग्री मिली। आरोपियों के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं था। इसके बाद सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में उज्जवल जैन (23), हर्ष जैन (26), रौनक जैन (27), हिमांशु वर्मा (28), उज्जवल चतुर्वेदी (28) और आयुष सिंह (27) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, फ्लैट में हुक्का संचालन कर आर्थिक लाभ कमाया जा रहा था। दुर्ग जिले के अंजोरा चौकी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर दूसरी कार्रवाई की। ग्राम सिलोदा स्थित एक होटल में संचालक दिलीप सिंह द्वारा चोरी-छिपे देसी शराब बेचे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके से पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपी दिलीप सिंह के पास से 32 पौवा देसी मसाला शराब, ₹320 नगद और एक मोबाइल बरामद किया गया। पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने तीसरी कार्रवाई करते हुए पुरैना चौक के पास अवैध शराब बेच रहे एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी सफेद बोरी में शराब भरकर ग्राहकों को बेच रहा था। पुलिस ने मौके से 33 पौवा अंग्रेजी ‘गोवा स्पेशल व्हिस्की’ (करीब 3960 रुपए कीमत) बरामद की। आरोपी के पास शराब रखने का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
मामले में आरोपी: प्रकाश पारधी (40), निवासी गनियारी पारधी पारा, भिलाई को गिरफ्तार किया गया है।
Source link
