पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए GLADA, लुधियाना में तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। अधिकारी मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं ताकि पता चल सके कि आरोपी अब तक किन-किन लोगों को अपना शिकार बना चुका है। मुख्यमंत्री की एंटी-करप्शन एक्शन लाइन पोर्टल पर हुई शिकायत विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता के अनुसार, आरोपी की पहचान जसविंदर सिंह के रूप में हुई है। उसे मुख्यमंत्री की ‘एंटी-करप्शन एक्शन लाइन’ पोर्टल पर दर्ज कराई गई एक शिकायत के आधार पर पकड़ा गया। शिकायतकर्ता, जो लुधियाना के गांव भामियां कलां में अपनी दुकान का निर्माण करवा रहा था, उसने आरोप लगाया कि आरोपी गार्ड उसकी निर्माणाधीन दुकान पर आया और निर्माण को अवैध बताते हुए उसे ढहाने की धमकी दी। इसके बदले में आरोपी ने पहले 12,000 रुपये की रिश्वत ली और बाद में 5,000 रुपये की और मांग करने लगा। 5,000 रुपये लेते पकड़ा गया पीड़ित ने आरोपी के साथ हुई पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर विजिलेंस ब्यूरो, लुधियाना यूनिट से संपर्क किया। प्राथमिक जांच के बाद टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को 5,000 रुपये लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया। इस संबंध में विजिलेंस थाना लुधियाना में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की आगामी जांच जारी है।
Source link
