मुख्य बातें

15 दिन से काले सांड की दहशत में गांव: महिलाओं और पुरूषों को कर चुका घायल;राहगीरों को भी टक्कर देता हैं – Alwar News

15 दिन से काले सांड की दहशत में गांव:  महिलाओं और पुरूषों को कर चुका घायल;राहगीरों को भी टक्कर देता हैं – Alwar News

अलवर जिले के तुलेड़ा गांव में इन दिनों एक आवारा काले सांड ने ऐसा आतंक मचा रखा है कि पूरा गांव दहशत में जीने को मजबूर है। पिछले करीब 15 दिनों से गांव में घुसे इस सांड के कारण ग्रामीणों का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि लोग बिना जरूरी काम के बाहर नहीं निकल रहे और बच्चों को भी घरों के अंदर ही रहने की हिदायत दी जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार यह सांड गांव का नहीं है, बल्कि बाहर से यहां आ गया है और आते ही आक्रामक हो गया। यह सांड अचानक राह चलते लोगों, बाइक सवारों और महिलाओं पर हमला कर देता है। अब तक करीब 10 से ज्यादा महिला-पुरुष इसकी चपेट में आ चुके हैं। हाल ही में हमलु प्रजापत को सांड ने सींग मारकर घायल कर दिया, जबकि लक्ष्मी, अनीता और सुनीता समेत कई महिलाओं को भी गंभीर चोटें आई थीं, जिन्हें इलाज के बाद घर लाया गया। कई बार बड़ी घटना होते-होते बची है, जिससे गांव में हर समय भय का माहौल बना हुआ है। डर का आलम यह है कि महिलाएं खेतों में पशुओं के लिए चारा लेने जाने से कतरा रही हैं और गांव की गलियां भी दिनभर सूनी पड़ी रहती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार ग्राम पंचायत, सरपंच और संबंधित विभाग को शिकायत दी है, लेकिन अब तक सांड को पकड़ने के लिए कोई टीम गांव में नहीं पहुंची। जिला पार्षद जगदीश जाटव और ग्रामीण शाहबुदीन ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस सांड को नहीं पकड़ा गया तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *