अबोहर के सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में 22 वर्षीय युवती ने गांव के ही एक फौजी युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसे भगाया और पांच साल तक उसका शारीरिक शोषण किया। अब वह किसी और लड़की से शादी कर रहा है। पीड़िता वर्तमान में सिविल अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका मेडिकल कराया जा रहा है। उसने बताया कि करीब पांच साल पहले गांव के लगभग 32 वर्षीय फौजी युवक से उसका प्रेम संबंध हो गया था। युवक उसे शादी का झांसा देकर घर से भगा ले गया था। युवती के अनुसार, आरोपी ने उसे चार साल तक बठिंडा में किराए के कमरे में रखा। इस दौरान उसने युवती को ग्यारहवीं और बारहवीं की पढ़ाई भी करवाई। जब युवक छुट्टी पर आता था, तो वह उसके साथ रहता और शारीरिक संबंध बनाता था। पिछले एक साल से युवक ने युवती को अबोहर की पुरानी सूरज नगरी में एक पीजी में रखा था और एक निजी कॉलेज में बीए में दाखिला भी करवाया था। दो दिन पहले युवती को पता चला कि युवक किसी अन्य लड़की से शादी कर रहा है। आरोपी पर पैसे देकर मामला रफा-दफा का आरोप इस मामले को लेकर जब पंचायत में बात की गई, तो आरोपी के परिवार ने पैसे देकर मामला रफा-दफा करने की पेशकश की, लेकिन युवती ने इससे इनकार कर दिया। युवती ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उसकी शादी आरोपी युवक से करवाई जाए, अन्यथा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मेरा शोषण करता रहा, अब कहता है परिवार नहीं मान रहा : पीड़िता पीड़िता ने कहा कि उक्त युवक पिछले पांच साल से उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा है और उसे भरोसा देता है कि जल्द हम शादी कर लेंगे। जब उसे शादी का पता चला तो उसने फौजी से बात की तो उसने कहा कि परिवार नहीं मान रहा। उस पर दबाव बनाया जा रहा है। पुलिस को भी शिकायत दी, लेकिन पुलिस भी कोई सुनवाई नहीं कर रही। शिकायत आई है, मेडिकल और बयानों के आधार पर की जाएगी कार्रवाई : एसएचओ सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने कहा कि यह मामला उनके ध्यान में आ गया है। पीड़िता द्वारा शिकायत दी गई है। सिविल अस्पताल में मेडिकल रिपोर्ट और बयान दर्ज कर बनती कार्रवाई की जाएगी।
Source link
