मुरैना शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पैसों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि गोलियां और लाठियां चलने लगीं। गोलीबारी में एक राहगीर युवक घायल हो गया, जबकि लाठीबाजी में दो अन्य लोग भी चोटिल हुए हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, श्याम बिहार कॉलोनी निवासी भोला गुर्जर और संजू गुर्जर के बीच पैसों का लेन-देन था। इसी बात को लेकर रात करीब 8 बजे दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान भोला गुर्जर ने गोली चला दी, जो वहां से गुजर रहे विवेक वर्मा को जा लगी। गोली विवेक के हाथ और सीने में लगी। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। गोलीबारी के बाद दोनों पक्षों के बीच लाठियां भी चलीं, जिसमें भोला गुर्जर और संजू गुर्जर घायल हो गए। दोनों का उपचार भी जिला अस्पताल में किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। सीएसपी दीपाली चंदेरिया ने बताया कि गोली लगने से एक राहगीर घायल हुआ है, जबकि अन्य लोग लाठीबाजी में चोटिल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज जारी है। पुलिस घायलों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।
Source link
