पलवल में दहेज उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है। जहां ससुराल वालों पर दहेज में 20 लाख रुपए न मिलने पर एक विवाहिता को प्रताड़ित करने और उस पर कथित तंत्र विद्या का प्रयोग करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पति सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कैंप थाना प्रभारी अश्वनी कुमार के अनुसार, जवाहर नगर कैंप निवासी रसिका ने अपनी शिकायत में बताया है कि उसकी शादी अक्टूबर 2020 में अंकुर छाबड़ा से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उसे कम दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करने लगा। रसिका के अनुसार, उसके पति अंकुर, सास सुदेश और ससुर राधेश्याम उसे आए दिन पीटते थे और मायके से पैसे लाने का दबाव बनाते थे। मार्च 2023 में उससे कार की मांग की गई, जिसके बाद उसके पिता ने करीब पांच लाख रुपए देकर मामला शांत कराया। रुपए ना देने पर विवाहिता से की मारपीट आरोप है कि आरोपियों की मांगें बढ़ती गईं। दिसंबर 2025 में उन्होंने रसिका से 20 लाख रुपए लाने की मांग की। जब उसने पैसे देने से इनकार किया, तो ससुराल पक्ष ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि जनवरी 2026 में दीपक कुमार नामक तांत्रिक को घर बुलाया गया और उस पर तंत्र विद्या का इस्तेमाल शुरू कर दिया गया। जब विवाहिता ने अपने पति को इस बारे में बताया, तो पति ने उल्टा उसे धमकाया। पुलिस ने रसिका की शिकायत के आधार पर पति अंकुर छाबड़ा, ससुर राधेश्याम, सास सुदेश और तांत्रिक दीपक कुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
