नारनौल-रेवाड़ी रेलमार्ग अगले दो दिन के लिए देश के प्रमुख रेल रूटों में शामिल नजर आएगा। जयपुर-रेवाड़ी रेलखंड पर रेलवे अंडर ब्रिज (आरयूबी) लॉन्चिंग कार्य के चलते रेलवे ने कई प्रमुख ट्रेनों का मार्ग बदल दिया है। इसका सीधा फायदा नारनौल, अटेली और आसपास के यात्रियों को मिलेगा। पहली बार इस रूट से वंदे भारत समेत लंबी दूरी की कई एक्सप्रेस ट्रेनें गुजरेंगी। हालांकि जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस नारनौल और अटेली स्टेशनों पर नहीं रुकेगी, जबकि अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों का इन स्टेशनों पर अस्थायी ठहराव रहेगा। रेलवे के इस फैसले से स्थानीय यात्रियों को बिना रेवाड़ी, जयपुर या दिल्ली गए कई बड़े शहरों के लिए सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी। 9 व 10 को रहेगा बदलाव उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार खैरथल-पड़ीसल और पड़ीसल-अलवर स्टेशनों के बीच समपार फाटक संख्या 95 और 106 पर आरयूबी लॉन्चिंग का कार्य किया जा रहा है। इसी कारण 9 और 10 मई को रेल यातायात में बदलाव किया गया है। नारनौल स्टेशन पर रुकेंगी रेलवे द्वारा बदले गए मार्ग के तहत अब कई ट्रेनें रींगस-नीमकाथाना-नारनौल-अटेली होकर संचालित होंगी। इनमें भुज-बरेली एक्सप्रेस, देहरादून-ओखा एक्सप्रेस, पोरबंदर-दिल्ली सराय एक्सप्रेस, दिल्ली-साबरमती एक्सप्रेस और चंडीगढ़-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस शामिल हैं। इन शहरों की बढ़ेगी सीधी कनेक्टिविटी इस बदलाव के बाद नारनौल की दिल्ली, दिल्ली कैंट, जोधपुर, भुज, बरेली, देहरादून, ओखा, पोरबंदर, साबरमती, चंडीगढ़, उदयपुर सिटी और जयपुर जैसे शहरों के लिए अतिरिक्त रेल विकल्प उपलब्ध होंगे। रेलवे ने यात्रियों से सफर से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है।
Source link
