बांसवाड़ा एसपी सुधीर जोशी ने आंबापुरा थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली को बारीकी से परखा और पुलिसकर्मियों को ‘पब्लिक फ्रेंडली’ पुलिसिंग के गुर सिखाए। इस दौरान एसपी ने जब्त सामान के सुरक्षित रखरखाव और हथियारों की नियमित साफ-सफाई के निर्देश दिए। रजिस्टरों की गहन जांच की और पेंडिंग फाइलों को जल्द अपडेट करने को कहा। लॉकअप, कंप्यूटर कक्ष और स्वागत कक्ष की स्वच्छता व कार्यक्षमता को जांचा। बोले- अनुशासन और संवेदनशीलता जरूरी SP जोशी ने थानाधिकारी निर्भय सिंह राणावत और मौजूद स्टाफ के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन के साथ समन्वय बढ़ाएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में कोई कोताही न बरतें। उन्होंने कहा कि FIR और परिवादों का निस्तारण केवल कागजों में नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण तरीके से धरातल पर होना चाहिए। हर फरियादी की बात संवेदनशीलता से सुनें। समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिया निरीक्षण के अंत में एसपी ने जवानों की व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं को सुना। उन्होंने ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने की हिदायत देते हुए बेहतर कार्य प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर थानाधिकारी निर्भय सिंह राणावत सहित थाने का समस्त जाब्ता मौजूद रहा।
Source link
