बेगूसराय में राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं आरटीआई जागरूकता संगठन, भारत की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। रविवार को जिले के कार्यालय में हुई इस बैठक में आगामी 27 मई को पूर्णिया जिले के जलालगढ़ में प्रस्तावित राष्ट्र स्तरीय सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अंशुमान शुभम और जिला संयोजक सन्नी कुमार ने की। इस दौरान संगठन की आगामी कार्ययोजना, सदस्यता अभियान, जन-जागरूकता कार्यक्रम तथा संगठन को मजबूत बनाने के विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों एवं सदस्यों को अपनी जिम्मेदारियों का सक्रियता और गंभीरता से निर्वहन करने का निर्देश दिया गया। जिलाध्यक्ष अंशुमान शुभम ने बताया कि संगठन लगातार मानवाधिकार और सूचना के अधिकार को लेकर लोगों के बीच जागरूकता फैला रहा है। उन्होंने कहा कि जलालगढ़ में आयोजित होने वाला राष्ट्र स्तरीय सम्मेलन संगठन के लिए महत्वपूर्ण है और इससे संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। वहीं, जिला संयोजक सन्नी कुमार ने बैठक में अनुपस्थित एवं निष्क्रिय पदाधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बैठक में शामिल नहीं होने वाले पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनकी रिपोर्ट जिलाध्यक्ष के माध्यम से प्रदेश अध्यक्ष को भेजी जाएगी, ताकि संगठन में अनुशासन बना रहे। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संगठन के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद थे।
Source link
