मोगा में जिला पुलिस ने शराब तस्करों और अवैध शराब के धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। अलग-अलग स्थानों पर की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में शराब और लाहन बरामद की है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहे। डीएसपी सिटी जतिंदर सिंह ने बताया कि थाना सदर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव दौलतपुरा नीवां में अवैध शराब का स्टॉक रखा गया है। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने वीरू सिंह नामक व्यक्ति के खाली प्लॉट पर छापा मारा। वहां से ंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित वजीर डीलक्स व्हिस्की की 17 पेटियां (कुल 240 बोतलें) बरामद हुईं। आरोपी वीरू सिंह फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है। गांव गट्टी जट्टां और मुंडी जमाल में छापेमारी एक अन्य बड़ी कार्रवाई थाना धर्मकोट के अधीन गांव गट्टी जट्टां में की गई। यहाँ पुलिस और एक्साइज विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 50 बोतल अवैध शराब बरामद की। इस मामले में बाज सिंह, अंग्रेज सिंह और राज सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं, थाना फतेहगढ़ पंजतूर की पुलिस ने गांव मुंडी जमाल के पास से गुरभेज सिंह उर्फ भेजां को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 180 लीटर लाहन बरामद करने में सफलता हासिल की है। लोपो पुलिस ने चंद सिंह को दबोचा पुलिस चौकी लोपो के इंचार्ज सहायक थाना प्रभारी बलवीर सिंह ने गश्त के दौरान गांव मीनियां निवासी चंद सिंह को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 24 बोतल ठेका शराब बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि चंद सिंह अवैध रूप से शराब बेचने की फिराक में था। एक्साइज एक्ट के तहत मामले दर्ज पुलिस ने पकड़े गए सभी आरोपियों और फरार तस्करों के खिलाफ संबंधित थानों में एक्साइज एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और यह अभियान भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेगा ताकि जिले को नशा मुक्त बनाया जा सके।
Source link
