मोहाली जिले के खरड़ थाना क्षेत्र के गांव दुबाली में 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले में मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और घरेलू कलह के आरोप लगाए हैं। मजात चौकी पुलिस ने मृतका के पिता जसवीर सिंह और भाई गुरबचन सिंह के बयानों के आधार पर धारा 80 और 61(2) के तहत केस दर्ज कर आरोपी पति परविंदर सिंह और जेठ पवनजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान कर्मजीत कौर के रूप में हुई है। जून 2024 में हुई थी शादी मृतका के भाई के अनुसार, कर्मजीत कौर की शादी 7 जून 2024 को गांव दुबाली निवासी परविंदर सिंह के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान किया जाने लगा। परविंदर सिंह शराब पीने का आदी था और अक्सर कर्मजीत कौर के साथ मारपीट करता था। मामले को लेकर कई बार दोनों परिवारों और पंचायत स्तर पर समझौते भी हुए, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। कर्मजीत कौर की करीब एक साल की बेटी भी है। अस्पताल में हुई मौत बुधवार रात ससुराल पक्ष ने मायके वालों को फोन कर बताया कि कर्मजीत कौर की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। गुरुवार सुबह मायके पक्ष को उसकी मौत की सूचना मिली। ससुराल पक्ष के मुताबिक, उसे पहले सिविल अस्पताल खरड़, फिर मोहाली अस्पताल और बाद में जीएमसीएच-32 ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कार्डियक अरेस्ट की आशंका डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई है। वहीं गांव के कुछ लोगों ने घटना से पहले पति-पत्नी के बीच झगड़े की बात भी कही है। मायके पक्ष का आरोप है कि पति, जेठ और परिवार के अन्य सदस्यों की प्रताड़ना के कारण कर्मजीत कौर की मौत हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
