धर्मशाला नगर निगम चुनावों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में पांच नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इनमें धर्मशाला के पूर्व मेयर ओंकार नेहरिया और पूर्व डिप्टी मेयर तेजेंद्र कौर भी शामिल हैं। पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने इन पदाधिकारियों की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित की है। इस कड़े फैसले के बाद इन नेताओं का अब पार्टी से कोई आधिकारिक संबंध नहीं रह गया है। अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने पर एक्शन यह कार्रवाई उन नेताओं के खिलाफ की गई है, जिन्होंने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया था। निलंबित होने वालों में वार्ड नंबर 2 से चुनाव लड़ रहे पूर्व मेयर ओंकार नेहरिया और वार्ड नंबर 6 से ताल ठोक रहीं पूर्व डिप्टी मेयर तेजेंद्र कौर प्रमुख हैं। इनके अलावा, धर्मशाला शहरी मंडल की मंडल सचिव सरोज गुलेरिया को वार्ड नंबर 8 से चुनाव लड़ने के कारण, वार्ड नंबर 14 के बूथ अध्यक्ष मितुल शुक्ला को अनुशासनहीनता के चलते और महिला मोर्चा की शहरी मंडल सचिव हिमांशी अग्रवाल को वार्ड नंबर 1 से चुनावी मैदान में होने के कारण पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया है। बार-बार समझाने के बावजूद नहीं माने नेता पार्टी के जिला नेतृत्व ने बताया कि बार-बार समझाने के बावजूद इन नेताओं ने अपनी उम्मीदवारी वापस नहीं ली। संगठन की मजबूती और अनुशासन बनाए रखने के लिए यह कठोर निर्णय लेना आवश्यक था। इस कार्रवाई के बाद धर्मशाला की राजनीति में गरमाहट आ गई है और बागियों के चुनाव लड़ने से कई वार्डों में समीकरण बदलने के आसार हैं। भाजपा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि चुनाव में पार्टी के फैसले को चुनौती देने वालों के लिए संगठन में कोई स्थान नहीं है।
Source link
