सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में एसईसीएल की कोयला खदान में हुई ब्लास्टिंग के कारण एक तीन साल की बच्ची घायल हो गई। घर के आंगन में खेल रही बच्ची को ब्लास्टिंग से उछला पत्थर का टुकड़ा लगा। परिजन बच्ची को लहूलुहान हालत में लेकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। यह घटना रामानुजनगर थाना क्षेत्र के आमगांव खदान के पास स्थित पटना गांव की है। यहां एसईसीएल प्रबंधन द्वारा कोयला खनन के लिए ब्लास्टिंग की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि खनन कार्य अब रिहायशी इलाकों के बेहद करीब पहुंच गया है, जिससे लगातार दहशत का माहौल बना रहता है। रविवार दोपहर को तीन वर्षीय रोशनी सिंह अपने घर के आंगन में खेल रही थी। उसी दौरान खदान में तेज ब्लास्टिंग हुई। ब्लास्टिंग से टूटकर एक पत्थर का टुकड़ा उछला और सीधे बच्ची के चेहरे पर नाक के नीचे जा लगा। अचानक हुए इस हमले से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और खून बहने लगा। घटना के बाद आक्रोशित परिजन घायल बच्ची को लेकर सीधे रामानुजनगर थाने पहुंचे। परिजनों ने आरोप लगाया कि एसईसीएल प्रबंधन द्वारा ब्लास्टिंग से पहले कोई मुनादी या सूचना नहीं दी जाती। उनके अनुसार, अचानक धमाके होते हैं और पत्थर उछलकर घरों तक आ जाते हैं। आज उनकी बच्ची इस लापरवाही का शिकार हो गई। एसडीओपी अभिषेक पैंकरा ने इस संबंध में बताया कि बच्ची का मुलाहिजा कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
