हरियाणा के जींद में सोमवार दोपहर डेढ़ बजे हरियाणा रोडवेज की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार करीब 40 यात्री घायल हो गए। ड्राइवर को भी गंभीर चोटें आईं। किलोमीटर स्कीम की बस पंचकूला से हिसार जा रही थी। नरवाना के हरियल चौक के पास बस के सामने अचानक एक स्कूटी सवार आ गया। स्कूटी सवार को बचाने के लिए ड्राइवर ने बस मोड़ दी। इससे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और पास स्थित हरियल रेस्ट हाउस की दीवार तोड़ते हुए पलट गई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बस के शीशों को तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायल यात्रियों को नरवाना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। जानिए प्रत्यक्षदर्शी और घायलों ने क्या बताया… बुजुर्ग को बचाने के चक्कर में हादसा प्रत्यक्षदर्शी जयप्रकाश ने बताया कि बस के सामने एक इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार बुजुर्ग आ गया था। ड्राइवर ने उसे बचाने की कोशिश की, जिससे रोडवेज बस डिवाइडर पर चढ़कर हाईवे, सर्विस लेन और लिंक रोड को पार करते हुए दीवार से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद बुजुर्ग चला गया जयप्रकाश ने आगे बताया कि यहां पर रेड लाइट नहीं है और न ही यहां पर ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी की ड्यूटी रहती है। इस वजह से यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। जिस स्कूटी सवार को बचाने के चक्कर में यह हादसा हुआ, वह रुका नहीं और सीधा चला गया। ड्राइवर को ज्यादा चोटें आईं बस में सवार एक यात्री ने बताया कि ड्राइवर को सबसे ज्यादा चोटें आई हैं। भगवान की कृपा से किसी की जान नहीं गई। उन्होंने कहा कि उन्हें और उनकी पत्नी को थोड़ी चोटें आई हैं, लेकिन वे बच गए। उन्होंने यह भी बताया कि हादसे में उनका कुर्ता फट गया। पुलिस बोली- कोई यात्री रेफर नहीं हुआ घटनास्थल पर पहुंचे इंस्पेक्टर पूरन दास ने बताया कि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल है। ड्राइवर ने बताया कि नरवाना बस स्टैंड से पहले एक स्कूटी सवार अचानक बस के सामने आ गया था। उसे बचाने की कोशिश में ही यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि घायलों का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है और अभी तक किसी भी मरीज को रेफर नहीं किया गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
