ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के सुंदरलाल का मोहल्ला में सोमवार रात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। घर के बाहर टहल रहे एक बुजुर्ग को बदमाशों ने पहले जातिसूचक गालियां दीं और फिर सिर पर ईंट मारकर जानलेवा हमला कर दिया। घायल बुजुर्ग को गंभीर हालत में जेएएच के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। छत पर खाना खा रहा था परिवार, नीचे हो गया हमला
फरियादी समीर जाटव ने बताया कि 11 मई की रात करीब 10 बजे वह अपने परिवार के साथ छत पर खाना खा रहा था। उसके पिता भूपसिंह घर के बाहर सड़क पर टहल रहे थे। तभी गंगा मालनपुर के कुछ अज्ञात लोग वहां आए और घर पर लगे बैनर फाड़ने लगे। जब भूपसिंह ने उन्हें रोका, तो वे गालियां देने लगे। ईंट के प्रहार से लहूलुहान होकर गिरे बुजुर्ग
विवाद के कुछ देर बाद आरोपी पंचम जाटव, कमल जाटव और कमल का गोहद निवासी जीजा वहां पहुंचे। गाली-गलौज करते हुए कमल के जीजा ने पास पड़ी एक ईंट उठाई और जान से मारने की नीयत से भूपसिंह के सिर पर दे मारी। ईंट लगते ही भूपसिंह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर रेफर
हमले के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। समीर और अन्य परिजन घायल भूपसिंह को तुरंत सिविल अस्पताल हजीरा ले गए, लेकिन सिर की चोट गहरी होने और हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें जयारोग्य अस्पताल (JAH) के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पुरानी छावनी थाना पुलिस ने समीर जाटव की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि गोहद निवासी आरोपी की पहचान के लिए कमल जाटव के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुरानी छावनी थाना पुलिस ने बताया कि बैनर फाड़ने के विवाद में बुजुर्ग पर ईंट से हमला किया गया है। मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना की गई हैं। जल्द ही हमलावर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
Source link
