जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुदरा में सोमवार देर रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या किए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने महिला के पति और उसकी ननद पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति और ननद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मृतका बबली (45) पत्नी सुशील कुशवाहा निवासी लोरनी, राज्य छत्तीसगढ़, अपने पति के साथ जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुदरा में अपनी ननद चंद्रकली पत्नी स्वर्गीय राजाराम के घर आई हुई थी। बताया जा रहा है कि देर रात घर में शराब पार्टी चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर बबली का अपने पति सुशील कुशवाहा और ननद चंद्रकली से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। ग्रामीणों के अनुसार मारपीट के दौरान महिला की हालत गंभीर हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति और उसकी बहन वहां से भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दे दी। जब ग्रामीण घर के अंदर पहुंचे तो महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला। मृतका के शरीर पर कई चोटों के निशान भी पाए गए, जिससे बर्बरता से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही जालौन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी पति सुशील कुशवाहा और ननद चंद्रकली को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस मामले में जालौन कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है
Source link
