डीएसपी जसबिंदर सिंह खैहरा ने बाघापुराना के उप पुलिस कप्तान का कार्यभार संभाल लिया है। उनका उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना है। इससे पहले डीएसपी दलवीर सिंह सिद्धू का तबादला हो गया था, जिसके बाद खैहरा को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति का सामाजिक और व्यापारी वर्ग ने स्वागत किया है। डीएसपी खैहरा इससे पहले भी बाघापुराना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपने पिछले कार्यकाल में उन्होंने अपराधियों और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की थी। उन्होंने कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए कई महत्वपूर्ण मामलों में त्वरित कार्रवाई की थी। DSP बोले- समाज विरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं कार्यभार संभालने के बाद डीएसपी खैहरा ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में नशा तस्करी, चोरी, गुंडागर्दी और समाज विरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि नशा तस्करों और युवाओं को नशे की लत लगाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। शहर की सुरक्षा के लिए रात्रि गश्त बढ़ाई जाएगी और विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी व चेकिंग अभियान तेज किए जाएंगे। ट्रैफिक व्यवस्था को भी प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। डीएसपी खैहरा ने आम लोगों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस और समाज दोनों की साझा जिम्मेदारी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि उनकी तैनाती से क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगेगा और सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।
Source link
