हिमाचल के धर्मशाला में नगर निगम चुनावों से पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता सुधीर शर्मा और चुनाव प्रभारी पवन काजल ने धर्मशाला के लिए 32 सूत्रीय ‘संकल्प पत्र’ जारी किया है। इस संकल्प पत्र में शहर के विकास का एक रोडमैप प्रस्तुत किया गया है। इस घोषणापत्र के माध्यम से भाजपा ने समाज के हर वर्ग को आकर्षित करने का प्रयास किया है। इसमें पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चरान से भागसू के बीच ‘फर्निक्यूलर प्रोजेक्ट’ का प्रस्ताव है। इसके अतिरिक्त, शहर की प्रमुख समस्या पार्किंग के समाधान हेतु 22 स्थानों पर स्मार्ट पार्किंग की योजना भी शामिल है। महिलाओं के लिए ‘MC कोऑपरेटिव ग्रिड’ बनाने का प्रस्ताव भाजपा ने प्रशासन में सुधार और जवाबदेही को भी प्रमुखता दी है। संकल्प पत्र में नगर निगम की सेवाओं को ऑनलाइन करने का वादा किया गया है। इसमें यह भी प्रावधान है कि यदि किसी फाइल को तय समय-सीमा के भीतर मंजूरी नहीं मिलती है, तो उसे ‘ऑटो-अप्रूव्ड’ मान लिया जाएगा। यह कदम भ्रष्टाचार और अनावश्यक देरी को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है। पार्टी ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘DOC 24/7’ ऐप और महिलाओं के लिए ‘MC कोऑपरेटिव ग्रिड’ बनाने का भी प्रस्ताव किया है। इन पहलों के माध्यम से भाजपा ने महिलाओं और बुजुर्गों के मुद्दों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। इस चुनावी अभियान में भाजपा नेता सुधीर शर्मा ने भविष्य के वादों के साथ-साथ अतीत की कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया है। शर्मा ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट और अंडरग्राउंड डस्टबिन योजना में हुई कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और नेताओं के खिलाफ जांच की मांग की है। धर्मकोट में हेलीपैड के साथ खेल मैदान का वादा किया संकल्प पत्र में खेल और अधोसंरचना विकास पर भी जोर दिया गया है, जिसमें खनियारा से धर्मकोट तक के क्षेत्रों में सुधार का लक्ष्य रखा गया है। युवाओं को रिझाने के लिए खनियारा में फुटबॉल अकादमी और धर्मकोट में हेलीपैड के साथ खेल मैदान का वादा किया गया है। बुनियादी ढांचे में सुधार के तहत 24 घंटे पानी, अंडरग्राउंड केबलिंग और सरकारी जमीन पर बने मकानों को ‘आशियाना स्कीम’ के तहत नियमित करने का वादा एक बड़ा मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है। भाजपा नेता सुधार शर्मा ने कहा- “धर्मशाला का विकास हमारी प्रतिबद्धता है। केंद्र और निगम के बाद अब अगले वर्ष हिमाचल में भी भाजपा की सरकार बनने जा रही है। यही विकास की असली गारंटी है।” भाजपा का यह 32 सूत्रीय संकल्प पत्र केवल विकास का खाका नहीं, बल्कि धर्मशाला की सियासत में अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने का एक सुनियोजित ‘ब्लूप्रिंट’ है। अब देखना यह होगा कि शहर की जनता इस ‘विकास की गारंटी’ पर कितना भरोसा जताती है।
Source link
