मोतिहारी पुलिस ने बीए छात्र रितेश यादव की चाकू मारकर हत्या के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी के एक सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। यह घटना सोमवार को कोटवा थाना क्षेत्र के एक कॉलेज परिसर में हुई थी। रितेश यादव परीक्षा देकर बाहर निकल रहे थे, तभी उन पर हमला कर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया था। मामले में कुल 6 लोग शामिल-डीएसपी सदर डीएसपी जितेश पांडे ने बताया कि हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी सरोज यादव के सहयोगी गुड्डू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, इस मामले में कुल छह लोग शामिल हैं, जिनकी पहचान कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रितेश यादव और सरोज यादव सोशल मीडिया पर वीडियो बनाते थे। इसी दौरान सरोज यादव का रितेश की बहन से प्रेम संबंध हो गया था। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद और मारपीट हो चुकी थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी बताया जाता है कि पिछले वर्ष रितेश ने सरोज यादव की पिटाई की थी, जिसके बाद से ही आरोपी बदला लेने की फिराक में था। पुलिस के अनुसार, इसी पुरानी रंजिश और बदले की भावना से हत्या की साजिश रची गई और वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही इस मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
Source link
