पूर्णिया में अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर सो रहे किसान के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के वक्त किसान पत्नी संग कमरे में सो रहे थे। घटना भवानीपुर थाना क्षेत्र के पंडितबासा गांव की है। मृतक की पहचान भवानीपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर पंचायत के वार्ड 4 निवासी ईश्वर मंडल के बेटे लूरी मंडल 46 के रूप में हुई है। घटना की जानकारी देते हुए मृतक के बेटे ने बताया कि वारदात वाली रात गांव में शादी समारोह था। पिता और मां भोज में शामिल होने गए थे। देर रात करीब एक बजे पिता लूरी मंडल और मां उषा देवी घर लौटी। मृतक के बेटे ने बताया कि मम्मी-पापा अपने कमरे में सोने चले गए। मृतक के बेटे ने बताया कि हम लोग उस दिन ननिहाल गए थे। मां ने मुझे बताया कि देर रात बदमाश घर में घुसे और तुम्हारे पापा की हत्या कर दी। मां की नींद उस वक्त खुली जब उनके चेहरे पर खून के छींटे पड़े। शोर मचाया तो अपराधी फरार हो गए मृतक के बेटे ने बताया कि शादी समारोह से घर आने के बाद पापा-मम्मी घर के मेन गेट को बंद करना भूल गए थे, इसलिए अपराधी आसानी से अंदर पहुंच गए। गोली चलने की आवाज और खून के छींटे चेहरे पर पड़ने के बाद जब मां की नींद खुली तो उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। वहीं, मृतक की पत्नी उषा देवी ने बताया कि जब मेरी आंख खुली तो पति खून से लथपथ बेड पर पड़े थे। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ संदीप गोल्डी, थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी, प्रशिक्षु एसआई शिवेश कुमार, एसआई शैलेश कुमार और एसआई विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक हेलमेट बरामद किया है, जिसे अहम सुराग माना जा रहा है। एफएसएल टीम द्वारा भी साक्ष्य जुटाए जाने की बात कही जा रही है। एसडीपीओ संदीप गोल्डी ने बताया कि किसान की मौत गोली लगने से हुई है। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। वहीं, परिजनों ने किसी से पुराना विवाद होने से इनकार किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, लूट या कोई अन्य वजह है। मृतक के सात बच्चे हैं, जिनमें पांच बेटियां और दो बेटे शामिल हैं। एक बेटी की शादी हो चुकी है। गांव के लोगों का कहना है कि लूरी मंडल शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और खेती-किसानी में ही लगे रहते थे। ऐसे में घर में घुसकर हुई इस हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है।
Source link
