रूपनगर जिले के मोरिंडा सिटी थाना के नवनियुक्त एसएचओ इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह ने अपना पदभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि मोरिंडा शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, नशा तस्करी पर पूरी तरह लगाम लगाना और चोरी-स्नैचिंग जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों को रोकना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति एसएचओ गगनदीप सिंह ने ‘नशा विरोधी मुहिम’ के तहत ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा बेचने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल भेजा जाएगा। वहीं, नशे के आदी युवाओं को अपराधी न मानकर, उन्हें मुख्यधारा में लाने के लिए नशा छुड़ाओ केंद्रों में काउंसलिंग करवाई जाएगी। अपराध और यातायात व्यवस्था में करेंगे सुधार अपराध और यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए भी विशेष रणनीति बनाई गई है। चोरी और स्नैचिंग की वारदातों को रोकने के लिए रात के समय गश्त और नाकेबंदी बढ़ाई जाएगी। दुर्घटना संभावित ‘ब्लैक स्पॉट’ चिह्नित किए गए हैं, जहां स्पीड ब्रेकर और लाइटिंग के लिए सिविल प्रशासन से समन्वय स्थापित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बाजार में ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए मार्केट कमेटी के साथ मिलकर सड़कों से अवैध कब्जे हटाए जाएंगे। नियमों का पालन न करने पर होगा एक्शन आगामी चुनावों के मद्देनजर एसएचओ गगनदीप सिंह ने शहरवासियों को निर्देश दिए हैं कि सभी लाइसेंसी हथियार 26 मई से पहले संबंधित थाने में अनिवार्य रूप से जमा करवा दें। उन्होंने शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए जनता से सहयोग की अपील की और चेतावनी दी कि नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ चुनाव आचार संहिता के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
Source link
