दोवड़ा थाना पुलिस ने लीलवासा मोड़ पर जेसीबी ड्राइवर के साथ हुई मारपीट और लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर ड्राइवर पर हमला किया था और 10,500 रुपए लूट लिए थे। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त लठ और स्टील का कड़ा भी बरामद किया है। थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार ने बताया कि 28 फरवरी को पारडाथुर निवासी भोपालसिंह राजपूत ने मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट के अनुसार 27 फरवरी की रात उनका पुत्र लोकवर्धन सिंह अपने हेल्परों मुकेश रावत, कालू और एक बालक सुरेश के साथ जेसीबी कार्य से लौट रहा था। लीलवासा मोड़ पर पीछे से आई एक तेज रफ्तार ईको कार ने उनका रास्ता रोक लिया। कार में सवार बदमाशों ने लोकवर्धन सिंह और उसके साथियों से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर बदमाशों ने लोहे के सरिये, चाकू और बेल्ट से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में लोकवर्धन सिंह के हाथ की हड्डी टूट गई और सिर, गाल व शरीर पर गंभीर चोटें आईं। हमलावर लोकवर्धन सिंह की जेब से 10,500 रुपए लूटकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल लोकवर्धन सिंह को पहले डूंगरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे उदयपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पुंजपुर से बनकोड़ा मार्ग के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। इसके बाद, मोवाई फला धामण, थाना दोवड़ा निवासी गजेंद्र ननोमा (24) और विजयपाल ननोमा (22) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
Source link
