रोपड़ नगर काउंसिल चुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन भाजपा जिला अध्यक्ष अजयवीर सिंह लालपुरा अपने उम्मीदवारों के पर्चे दाखिल कराने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस पर निशाना साधा। लालपुरा ने आरोप लगाया कि दोनों दल अंदरूनी तौर पर मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं और जनता को गुमराह कर रहे हैं। लालपुरा ने दावा किया कि ब्लॉक समिति और जिला परिषद के पिछले चुनावों की तरह ही नगर काउंसिल चुनाव में भी ‘आप’ और कांग्रेस आपस में मिलकर लड़ रही हैं। उन्होंने कहा, “जहाँ कांग्रेस का उम्मीदवार है, वहाँ ‘आप’ प्रत्याशी नहीं उतार रही, और जहाँ ‘आप’ लड़ रही है, वहाँ कांग्रेस पीछे हट रही है। यह सीधे तौर पर जनता के साथ धोखा है।” भाजपा का 21 वार्डों में मजबूत उम्मीदवार उतारने का दावा भाजपा जिला अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी ने रोपड़ नगर काउंसिल के सभी 21 वार्डों में मजबूत उम्मीदवार उतारे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता इस बार भाजपा को चुनेगी और पार्टी रूपनगर में अपनी कमेटी बनाएगी। लालपुरा ने शहर की बदहाली का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रूपनगर पिछले 15 सालों से विकास में पिछड़ गया है और यहाँ हर साल हड़तालें आम हो गई हैं, पिछले साल भी 52 दिनों तक हड़ताल चली थी। उन्होंने स्थानीय विधायक पर तंज कसते हुए कहा कि विधायक ढोल-नगाड़ों के साथ घूम रहे हैं, जबकि गरीब युवा नौकरी के लिए तरस रहे हैं। लालपुरा ने अंत में कहा कि भाजपा ने ब्लॉक समिति की 32, जिला परिषद की 3 और काउंसिल की सभी 21 सीटों पर उम्मीदवार देकर जनता को एक नया विकल्प दिया है। उन्होंने दावा किया कि लोगों में भारी उत्साह है और इस बार रूपनगर में भाजपा की कमेटी बनना तय है।
Source link
