चंडीगढ़कुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक
केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की सन्यांस लेने की सलाह पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पलटवार किया है। हुड्डा ने जवाब देते हुए कहा कि राजनीति से संन्यास लेने की सलाह मनोहर लाल खट्टर खुद को दे रहे हैं। उनके कार्यकाल में हरियाणा का भट्ठा बैठ गया। इतिहास लिखा जाएगा तो यह दर्ज होगा कि विकास में नंबर वन हरियाणा को मनोहर लाल के कार्यकाल में पूरी तरह बर्बाद कर दिया गया।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा को अब सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लेने की खुली सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि हुड्डा के रहते कांग्रेस का प्रदेश में वापसी करना असंभव है, और पुरानी पीढ़ी के हटने पर ही पार्टी में नई पीढ़ी को मौका मिलेगा।
हुड्डा बोले- घोटालों की सरकार चल रही
चंडीगढ़ में प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि देश व प्रेदश में आज अपराध, महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और घोटालों की सरकार चल रही है। इन तमाम मुद्दों पर तथ्यों के साथ हुड्डा ने बीजेपी सरकार की कुनीतियों को उजागर किया। इस मौके पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आम आदमी चौतरफा महंगाई की मार झेल रहा है। जब देश के कई राज्यों में विधानसभा चुनाव चल रहे थे, तो केंद्र सरकार ने रेट में बढ़ोतरी नहीं की। लेकिन अब चुनाव खत्म होते ही दाम बढ़ा दिए गए हैं। भविष्य में और बढ़ोतरी की तैयारी है।

चंडीगढ़ में अपने सरकारी आवास में प्रेस कान्फ्रेंस करते पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा।
पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं, तो दाम क्यों बढ़ाए
प्रधानमंत्री पेट्रोल-डीजल की बचत के बयान संकेत दे रहे हैं कि भविष्य में और बड़ी बढ़ोतरी हो सकती है। अमेरिका-ईरान तनाव चल रहा है, लेकिन इस बीच सरकार जनता से लगातार कई तथ्य छिपा रही है। उसको सच्चाई बतानी चाहिए। एक तरफ सरकार कहती है कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है, तो फिर दाम क्यों बढ़ाए?
पिछले 11 साल में केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल से लाखों करोड़ रुपये कमाए हैं। प्रधानमंत्री बचत का संदेश देते हैं, लेकिन असम और पश्चिम बंगाल में बीजेपी के नए मुख्यमंत्रियों की ताजपोशी पर कितने जहाज पहुंचे, यह भी जनता को बताना चाहिए। MSP पर मामूली वृद्धि कर रही सरकार एक तरफ महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं, किसानों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में कोई उल्लेखनीय बढ़ोतरी नहीं हुई। खाद, बीज और डीजल महंगे हो रहे हैं, लेकिन MSP में मामूली वृद्धि की जा रही है। फसल खरीद के मौसम में धान और गेहूं के घोटाले हो रहे हैं। छोटे अधिकारियों को निलंबित या बर्खास्त कर दिया जाता है, लेकिन बड़े लोगों को सरकारी संरक्षण देकर बचा लिया जाता है। बैंक घोटालों में भी बड़े लोगों को बचाया जा रहा है। बीजेपी सरकार द्वारा किसानों को पहले “मेरी फसल मेरा ब्योरा” के नाम पर परेशान किया जाता है। इसके अलावा पटवारी वेरिफिकेशन, फोटो और बायोमेट्रिक कराए जाते हैं। इसके बावजूद MSP नहीं मिलता और घोटाले होते रहते हैं। सरकारी संरक्षण में कट रहीं अवैध कालोनियां हुड्डा ने सरकारी संरक्षण में काटी जा रही अवैध कॉलोनियों का मुद्दा भी उठाया। साथ ही राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के ताजा आंकड़ों का जिक्र करते हुए बताया कि हरियाणा में औसतन रोज 9 लोग आत्महत्या कर रहे हैं। इसका मुख्य कारण युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी और सरकार से नाउम्मीदी है। कांग्रेस सरकार के समय हरियाणा निवेश और प्रति व्यक्ति आय में नंबर-एक था, लेकिन बीजेपी शासन में राज्य पीछे चला गया। कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। मात्र 20 हजार रुपये देकर सुपारी किलिंग हो रही है। संगठित अपराध में हरियाणा नंबर एक है। बाहरी लोगों को यहां मिल रही नौकरियां भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा के उच्च पदों पर बीजेपी द्वारा साजिश के तहत बाहरी राज्यों के लोगों को नौकरियां दी जा रही हैं, जबकि हरियाणा के युवा दूसरे राज्यों में नौकरी ढूंढने को मजबूर हैं। इस सरकार में लगातार पेपर लीक हो रहे हैं और भर्तियां रद्द हो रही हैं, लेकिन सरकार कोई जवाबदेही नहीं ले रही। नीट परीक्षा लीक होना सिस्टम की पूरी नाकामी है।

