बूंदी जिले के नैनवां क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल बंबूली के दो होनहार छात्रों को अब आसमान में उड़ान भरने का मौका मिलेगा। ‘बंबूली उड़ान योजना’ के तहत कक्षा 12वीं में 87 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले अवधेश नागर और कक्षा 10वीं में 86 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले सलीम मोहम्मद का चयन हवाई यात्रा के लिए किया गया है। दोनों छात्र दिल्ली और जयपुर का शैक्षणिक भ्रमण करेंगे, जहां उन्हें लोकसभा अध्यक्ष से मिलने, संसद भवन और राष्ट्रपति भवन देखने का अवसर भी मिलेगा। स्कूल में सम्मान समारोह, छात्रों का बढ़ाया उत्साह शनिवार को राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल बंबूली में आयोजित सम्मान समारोह में चयनित छात्रों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने छात्रों की उपलब्धि पर खुशी जताई। ‘बंबूली उड़ान योजना’ के तहत चयनित छात्रों में कक्षा 12वीं के छात्र अवधेश नागर पुत्र बनवारी नागर तथा कक्षा 10वीं के छात्र सलीम मोहम्मद पुत्र जमील मोहम्मद शामिल हैं। दोनों छात्रों ने उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के दम पर यह अवसर हासिल किया है। दिल्ली-जयपुर भ्रमण के साथ मिलेगा खास अनुभव योजना के अंतर्गत दोनों छात्र दिल्ली और जयपुर के प्रमुख पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। इस दौरान उन्हें देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को करीब से समझने का भी अवसर मिलेगा। छात्र लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात करेंगे। साथ ही संसद भवन और राष्ट्रपति भवन का अवलोकन भी करेंगे। ग्रामीण परिवेश से आने वाले छात्रों के लिए यह अनुभव बेहद खास और प्रेरणादायक माना जा रहा है। पूर्व छात्र ने शुरू की प्रेरणादायक पहल ‘बंबूली उड़ान योजना’ की शुरुआत गांव के पूर्व सरपंच प्रहलाद नागर के पुत्र और स्कूल के पूर्व छात्र मुकेश धाकड़ ने की है। वर्तमान में मुकेश धाकड़ धाकड़ समाज के प्रदेश प्रवक्ता हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करना है। मुकेश धाकड़ ने भावुक अंदाज में कहा, “मैं भी इसी स्कूल की बेंच पर बैठा था। आज चाहता हूं कि यहां के बच्चे हवाई जहाज में बैठकर देश देखें और बड़े सपने देखें।” प्रिंसिपल बोले— बच्चों का बढ़ेगा आत्मविश्वास स्कूल के प्रिंसिपल सोहनलाल प्रजापत ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए यह योजना बेहद प्रेरणादायक साबित होगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली और जयपुर जैसे बड़े शहरों का भ्रमण, लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात, संसद भवन और राष्ट्रपति भवन को करीब से देखना बच्चों के ज्ञान और आत्मविश्वास दोनों में वृद्धि करेगा। ग्रामीणों और शिक्षकों ने की पहल की सराहना कार्यक्रम में स्कूल विकास समिति अध्यक्ष हुक्म चंद योगी, वाइस प्रिंसिपल राधेश्याम सैनी,शिक्षक सभूदयाल नागर, पिंकी यादव, आकांक्षा जैन, बिना वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक मौजूद रहे। ग्रामीण राम प्रकाश नागर, कमल धाकड़ और महेंद्र धाकड़ समेत अन्य लोगों ने भी इस अनूठी पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे गांव के बच्चों में नई ऊर्जा और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
Source link
