सागर जिले के गौरझामर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम चिरई के जंगल में शनिवार को एक 35 वर्षीय युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, शनिवार को जंगल गए एक ग्रामीण ने पेड़ पर लटका शव देखा और पुलिस व गांव वालों को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि शव करीब 4 से 5 दिन पुराना है, जिसके कारण वह सड़-गल चुका था। अत्यधिक खराब स्थिति में होने के कारण शुरुआती जांच में मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए जिले के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगालनी शुरू की। केसली थाने में दर्ज थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
जांच के दौरान पुलिस को केसली थाना क्षेत्र के रामखेरी गांव से राकेश लोधी नामक व्यक्ति के गायब होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर उन्हें मौके पर बुलाया। परिजनों ने मृतक की पहचान 35 वर्षीय राकेश (पिता बलराम लोधी) के रूप में की। गौरझामर थाना प्रभारी नासिर फारूकी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त हो गई है और शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Source link
