प्रयागराज में विद्या भारती काशी प्रांत द्वारा आयोजित प्रांतीय संगीत प्रशिक्षण कार्यशाला 2026-27 का शुभारंभ हुआ। यह कार्यशाला सिविल लाइंस स्थित ज्वाला देवी शिशु विद्या मंदिर के सभागार में शुरू हुई है। इसमें काशी प्रांत के विभिन्न संकुलों से आए शिक्षक-शिक्षिकाएं संगीत का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। यह शिविर 18 मई 2026 तक चलेगा। कार्यशाला का उद्घाटन काशी प्रांत के प्रदेश निरीक्षक शेषधर द्विवेदी ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि संगीत शिक्षा केवल एक कला नहीं, बल्कि संस्कार निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संगीत के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, संवेदनशीलता, भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित की जा सकती है। द्विवेदी ने विद्यालयों में संगीत शिक्षा को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि छात्र-छात्राओं का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। इस प्रशिक्षण शिविर में काशी प्रांत के नौ संकुलों से कुल 45 शिक्षक-शिक्षिकाएं भाग ले रही हैं। इनमें केशव, माधव, मिर्जापुर, सोनभद्र, काशी, जौनपुर, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ और कादीपुर संकुल शामिल हैं। प्रतिभागियों में 22 आचार्य और 23 आचार्या बहनें शामिल हैं। कार्यशाला का संचालन क्षेत्रीय संगीत संयोजक मनोज गुप्ता के नेतृत्व में किया जा रहा है। उन्हें काशी प्रांत के संगीत संयोजक दीनबंधु सिंह और संगीत प्रभारी भरत सिंह सहयोग प्रदान कर रहे हैं। शिविर की सभी व्यवस्थाएं ज्वाला देवी शिशु मंदिर, सिविल लाइंस के प्रधानाचार्य इंद्रजीत त्रिपाठी की देखरेख में संचालित हो रही हैं। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को स्वर-साधना, ताल-लय, विद्यालयी प्रार्थनाएं, देशभक्ति गीत और सामूहिक गायन का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। क्षेत्रीय संगीत प्रमुख मनोज गुप्ता के मार्गदर्शन में शिक्षक-शिक्षिकाओं को संगीत की बारीकियों का व्यावहारिक अभ्यास कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वे विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर ढंग से संगीत शिक्षा प्रदान कर सकें। उद्घाटन अवसर पर क्षेत्रीय खेल प्रमुख जगदीश सिंह सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Source link
