डूंगरपुर में एक निर्माणाधीन मकान पर मजदूरी करते समय छत से गिरने से एक श्रमिक की मौत हो गई। हादसे के बाद साथी मजदूर उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली थाने के हेड कांस्टेबल मोहनपाल सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान सरकण कोपचा माली फला आसेला निवासी 58 वर्षीय गौतम रोत पुत्र रूपाजी रोत के रूप में हुई है। गौतम गांव के ही मगला पुत्र जीवा रोत और रमेश मनात के साथ मजदूरी करता था।
रोज की तरह वह मजदूरी करने शहर आया था। तीनों मजदूर शहर में अरबाज खान निवासी अंबामाता मंदिर के पास पातेला क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहे थे। वे मकान निर्माण के लिए रेती से भरे तसले ऊपर चढ़ाकर खाली कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गौतम रोत का पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। साथी मजदूर और अन्य लोग उसे तुरंत डूंगरपुर के जनरल अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद गौतम रोत को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source link
