सिंगरौली जिले के खुटार चौकी क्षेत्र अंतर्गत बनौली गांव में आज तड़के करीब 4 बजे एक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में केसीसीएल अमलोरी में कार्यरत करसुआ निवासी अशर्फीलाल उर्फ जमाहिर जायसवाल की मौत हो गई। वह निगाही क्षेत्र से ड्यूटी खत्म कर अपने घर लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार प्राइवेट कंपनी के ट्रेलर ने उन्हें कुचल दिया। घटना की सूचना मिलते ही खुटार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल अशर्फीलाल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलने के बाद परिजन और ग्रामीणों में रोष फैल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में चलने वाले भारी वाहनों की रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं है। उनका कहना है कि तेज रफ्तार ट्रेलर और हाइवा वाहन अक्सर लोगों की जान के लिए खतरा बने रहते हैं। घटना के विरोध में ग्रामीणों और परिजनों ने बनौली क्षेत्र में चक्काजाम कर दिया। उन्होंने कंपनी के वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की। खुटार चौकी प्रभारी शीतला यादव ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे सड़क हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल को अस्पताल भेजा, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है और आगे की जांच जारी है।
Source link
