मुरादाबाद में गागन नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। दोनों युवक नदी के तेज बहाव में नहाते हुए मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। अचानक पैर फिसलने से वे गहरे पानी में समा गए। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शवों को नदी से बाहर निकाला। घटना बुधवार दोपहर कुंदरकी थाना क्षेत्र के जैतवाड़े इलाके में हुई। रील बना रहे थे पुलिस के अनुसार, दो युवक दोपहर के समय पास की गागन नदी में नहाने गए थे। वे नदी किनारे नहाते हुए सोशल मीडिया के लिए रील बना रहे थे। वीडियो बनाते समय दोनों युवक धीरे-धीरे किनारे से दूर चले गए। गागन नदी में जलस्तर और पानी का बहाव तेज था, जिसके कारण वे अचानक एक गहरे गड्ढे में चले गए। पानी के तेज बहाव में संतुलन बिगड़ने से दोनों युवक डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उनकी चीख-पुकार सुनकर तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। गोताखोरों ने बाहर निकाला हादसे की जानकारी मिलते ही कुन्दरकी थाना पुलिस गोताखोरों और बचाव दल के साथ मौके पर पहुंची। नदी में पानी का तेज बहाव होने के कारण बचाव अभियान में काफी समस्या हुई। गोताखोरों की टीम ने लंबे समय तक पानी में सघन तलाशी अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शवों को नदी से बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
Source link
