मुख्य बातें

छह राज्यों की पुलिस के लिए सिरदर्द बना इनामी-बदमाश गिरफ्तार: हत्या के मामले में जेल से छूटते ही बनाई गैंग, पॉश इलाकों में देता था चोरी की वारदातों को अंजाम – Jaipur News

छह राज्यों की पुलिस के लिए सिरदर्द बना इनामी-बदमाश गिरफ्तार:  हत्या के मामले में जेल से छूटते ही बनाई गैंग, पॉश इलाकों में देता था चोरी की वारदातों को अंजाम – Jaipur News

विधायकपुरी थाना पुलिस ने छह राज्यों की पुलिस के लिए सिरदर्द बने 5 हजार रुपये के इनामी हार्डकोर बदमाश और नकबजनी गैंग के मास्टरमाइंड विजय लाम्बा (52) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में चोरी, लूट, डकैती और हत्या जैसे संगीन अपराधों के करीब छह दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी की पहचान ओम विहार उत्तम नगर विकासपुरी नई दिल्ली हाल पता जागरण काँलेज सेलाकुई देहरादून निवासी विजय लाम्बा (52) के रूप में हुई है। डीसीपी साउथ राजर्षिराज ने बताया कि 28 जनवरी की रात भागीरथ कॉलोनी स्थित एक मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी की वारदात में विजय लाम्बा मुख्य सरगना था। घटना के समय परिवार घर से बाहर गया हुआ था। वापस लौटने पर घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी मिली, सीसीटीवी कैमरा क्षतिग्रस्त था और अलमारी से लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी मिले। घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट्स और पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी तक पहुंच बनाई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि विजय लाम्बा छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में लूट की एक बड़ी वारदात में भी वांछित है और केंद्रीय जेल बिलासपुर में बंद है। इसके बाद जयपुर पुलिस ने छत्तीसगढ़ पुलिस से समन्वय स्थापित कर आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि विजय लाम्बा साल 1995 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और अधिकतम समय जेल में ही बिताया है। साल 2023 में हत्या के एक मामले में जेल से बाहर आने के बाद उसने दोबारा अपनी गैंग सक्रिय कर दी थी। आरोपी अपने साथियों के साथ पॉश कॉलोनियों और ज्वैलरी शोरूम की रेकी कर सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के कब्जे से चोरी की गई राशि में से 2.50 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। विधायकपुरी थाना पुलिस इससे पहले गैंग के तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर 25 लाख रुपये नकद और लाखों के गहने बरामद कर चुकी है। इस प्रकार मामले में अब तक कुल 27.50 लाख रुपये नकद एवं लाखों के गहने बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस आरोपी विजय लाम्बा से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में अन्य राज्यों में हुई कई बड़ी चोरी और लूट की वारदातों का खुलासा हो सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *