अलवर में राठी मार्केट क्षेत्र में हवा के चलते 33 हजार केवी की विद्युत लाइन का झूलता तार एक कंटेनर से टकरा गया, जिससे कंटेनर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे कंटेनर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुआं दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। एमआईए औद्योगिक क्षेत्र स्थित हैवल्स इंडिया फैक्ट्री के गेट नंबर-4 के पास शुक्रवार शाम करीब 7 बजे यह बड़ा हादसा हो गया। अब देखिए, हादसे से जुड़ी PHOTOS… आग पर काबू पाया, जनहानि नहीं घटना की सूचना स्थानीय सरपंच मंगल सिंह चौधरी ने तुरंत रीको प्रशासन और दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही रीको की दो दमकल मौके पर पहुंचीं। फायर अधिकारी बुलीराम गुर्जर ने टीम के साथ कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। खाली कंटेनर में लगी आग, जांच जारी फायर अधिकारी बुलीराम गुर्जर ने बताया- सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग बुझा दी गई। वहीं कंटेनर चालक ने बताया कि वह खाली कंटेनर लेकर बिलासपुर से अलवर स्थित हैवल्स कंपनी में लोडिंग के लिए आया था। गाड़ी फैक्ट्री गेट पर खड़ी कर वह एंट्री करवाने गया था। वापस लौटा तो कंटेनर आग की चपेट में आ चुका था और कुछ ही देर में पूरा कंटेनर जल गया। घटना की सूचना पर उद्योग नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग हादसे के कारणों की जांच में जुटे हैं।
Source link
